विज्ञापन

तुम्हारी बलि दूंगा; ये कहकर 14 साल के बच्चे पर 9 बार चाकू से हमला, मरा समझकर ग्वालियर के जंगल में छोड़ा

ग्वालियर के करहिया थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय निशांत रावत पर कथित तौर पर नरबलि की नीयत से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

तुम्हारी बलि दूंगा; ये कहकर 14 साल के बच्चे पर 9 बार चाकू से हमला, मरा समझकर ग्वालियर के जंगल में छोड़ा
14 साल के बच्चे की नरबलि की कोशिश
NDTV
  • ग्वालियर में 14 साल के बच्चे की कथित नरबलि की कोशिश, झांकी दिखाने के बहाने ले जाकर 9 बार चाकू से किए वार
  • बच्चे ने बताया- आरोपी बोला ‘तुम्हारी बलि दूंगा’, फिर किए ताबड़तोड़ वार
  • मरा समझकर छोड़ गया आरोपी, खून से लथपथ घर पहुंचा बच्चा
ग्वालियर:

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय किशोर की कथित नरबलि देने की कोशिश किए जाने का आरोप लगा है. करहिया थाना क्षेत्र के रिठौदन गांव निवासी किशोर को उसका पड़ोसी माता की झांकी दिखाने के बहाने बाइक पर बैठाकर गोलेश्वर पहाड़ी ले गया. आरोप है कि वहां जंगल में उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल किशोर को आरोपी मृत समझकर छोड़ गया, लेकिन देर रात होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंच गया.

जंगल पहुंचकर बदला माहौल

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार ये घटना 18 अक्टूबर की है. पीड़ित की पहचान रिठौदन गांव निवासी मनीष रावत के 14 वर्षीय बेटे निशांत रावत के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार पड़ोस में रहने वाला विक्की गौड़ निशांत को माता की झांकी दिखाने का कहकर अपने साथ बाइक पर बैठाकर गोलेश्वर मंदिर की पहाड़ी की ओर ले गया. रास्ते में बच्चे को किसी अनहोनी का आभास नहीं हुआ, लेकिन जंगल में पहुंचने के बाद घटनाक्रम अचानक बदल गया.

पीड़ित ने बताया पूरा घटनाक्रम

पीड़ित ने बताया पूरा घटनाक्रम
Photo Credit: NDTV

'बलि देना चाहता हूं' कहकर किया हमला

घायल पीड़ित के मुताबिक जब उसने आरोपी से पूछा कि उसे वहां क्यों लाया गया है, तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह उसकी बलि देना चाहता है. इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर हमला शुरू कर दिया. आरोप है कि गले पर चार बार और माथे व शरीर के अन्य हिस्सों पर कुल नौ बार चाकू से वार किए गए. हमले में किशोर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया. बताया जा रहा है कि हमला करते समय चाकू भी टूट गया. इसके बाद आरोपी उसे मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गया.

खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा बच्चा

कई घंटे तक जंगल में पड़े रहने के बाद देर रात निशांत को होश आया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह पैदल घर पहुंचा. बच्चे को खून से लथपथ देखकर परिजनों के होश उड़ गए. परिवार के लोग उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया.

जयराज कुबेर, ASP, देहात ग्वालियर

जयराज कुबेर, ASP, देहात ग्वालियर
Photo Credit: NDTV

SP ऑफिस पहुंचे परिजन

परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद शुरुआती स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद परिवार घायल बच्चे को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. निशांत ने यह भी दावा किया कि हमले के दौरान आरोपी ने कहा था कि उसकी बलि देने के बाद वह उसके भाई और रामबरन नाम के एक अन्य युवक की भी बलि देगा.

मां ने सुनाई आपबीती

बच्चे की मां पूनम रावत ने आरोप लगाया कि विक्की गौड़ उनके बेटे को झांकी दिखाने के बहाने ले गया था. उन्होंने बताया कि आरोपी ने गले, माथे और शरीर पर कई बार चाकू से हमला किया, जिसके बाद उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. उनके अनुसार होश आने पर ही बच्चा घर लौट पाया और तभी पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार को हुई.

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

देहात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि मामला सामने आने के बाद करहिया थाना पुलिस ने आरोपी विक्की गौड़ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और आरोपी की मंशा क्या थी.

यह भी पढ़ें : भोपाल में खजाने के लिए दे दी बेटी की 'बलि', खेत में ही दफनाया ! दो लोगों के बरगलाने पर हैवान बना पिता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gwalior, Human Sacrifice Allegation, Human Sacrifice Ritual, Minor Attacked, Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com