विज्ञापन

जमीन में गढ़े खजाने की तलाश में पिता बना हैवान, नाबालिग बेटी की दी 'बलि'; खेत में दफनाया शव

पिता ने खुद बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, फिर लापता हो गया. उसने बेटी की हत्या कर शव खेत में दफना दिया था.

जमीन में गढ़े खजाने की तलाश में पिता बना हैवान, नाबालिग बेटी की दी 'बलि'; खेत में दफनाया शव
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
NDTV
  • पिता चैनसिंह पर अपनी नाबालिग बेटी की हत्या का आरोप.
  • जमीन में गढ़े खजाने के लिए बेटी को मार डाला.
  • घटनास्थल से 200 मीटर दूर खेत में कंकाल मिला, पहचान बेटी के रूप में हुई.

मध्य प्रदेश में रायसेन जिले के बाद राजधानी भोपाल में भी जमीन में गढ़े खजाने के अंधविश्वास में हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक पिता ही हैवान बन बैठा और नाबालिग बेटी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात में आरोपी पिता का साथ दो और लोगों ने दिया है.

पुलिस ने बताया कि मामला तीन महीने से ज्यादा पुराना है और हत्या के बाद आरोपियों ने बलि देने के चक्कर में हत्या करके शव खेत में दफना दिया था, ताकि सबूत मिटाए जा सकें.

क्या है मामला

पुलिस के अनुसार, पिता चैनसिंह ने ही सूखीसेवनिया थाने में 3 अप्रैल को बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. उसने शिकायत में बताया था कि वह रात को सोते समय से लापता है. इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई, उधर पिता एफआईआर कराने के बाद से लापता हो गया था. फिर 7 मई को पुलिस को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खेत में कंकाल मिला था, जिसकी पहचान नाबालिग लड़की के तौर पर हुई, जो चैनसिंह की बेटी थी.

गंजबासौदा से पिता गिरफ्तार

फिर पुलिस पिता की तलाश में जुट गई और घटना के तीन महीने बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पिता को गंजबासौदा से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर हत्या, साक्ष्य छिपाने समेत गंभीर धाराएं जोड़ी हैं. इसके अलावा हत्या में शामिल और दो आरोपियों की तलाश जारी है.

बलि देने की बात कबूली

पूछताछ में आरोपी ने सोना-चांदी के खजाने के लिए बेटी की बलि देने की साजिश कबूल की. उसने बताया कि दो अन्य परिचितों ने जमीन में गढ़े खजाने का लालच दिया था, जिसके लिए बेटी की बलि दी.

रायसेन में भी बलि देने का मामला

रायसेन जिले में भी खजाने के चक्कर में एक करोड़पति व्यापारी की कथित'बलि' देने की घटना सामने आई. गैरतगंज से 6 दिनों से लापता सर्राफा कारोबारी विजय जैन का शव परासिया नदी किनारे मिट्टी में दफन मिला. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अंधविश्वास से जुड़े इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यहां पढ़ें पूरी खबर- रायसेन में खजाने के चक्कर में करोड़पति व्यापारी की 'बलि', नदी किनारे दफन मिला शव, तीन आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal News, Father Kill Daughter, Sacrifice
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com