पश्चिम बंगाल के हावड़ा में चल रही हनुमंत कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के जौहर संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. कथा के दूसरे दिन उन्होंने जौहर को लेकर अपनी राय रखते हुए कहा कि इसे कायरता नहीं, बल्कि वीरता, समर्पण और सम्मान से जुड़े भाव के रूप में देखा जाना चाहिए. इस दौरान उन्होंने संस्कृति, परंपराओं और धर्म से जुड़े कई मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए, जिनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
रणधीर सिंह परमार की रिपोर्ट...
हनुमंत कथा में जौहर पर दी प्रतिक्रिया
हावड़ा के लिलुआ वर्कशॉप मैदान में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिना नाम लिए अभिनेत्री स्वरा भास्कर के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें जौहर को लेकर टिप्पणी की गई थी. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने रानी पद्मावती और जौहर पर बयान देते हुए इसे कायरता बताया, जबकि उनकी नजर में जौहर वीरता और समर्पण का प्रतीक है.
'संस्कृति को समझे बिना टिप्पणी करना ठीक नहीं'
कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जो लोग भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नहीं समझते, वे जौहर के वास्तविक अर्थ को भी नहीं समझ सकते. उन्होंने कहा कि भले ही उनकी बात से कुछ लोगों को असहमति हो, लेकिन वे अपनी समझ के अनुसार सत्य कहने से पीछे नहीं हटेंगे.
नवरात्रि को लेकर भी की अपील
अपने संबोधन में धीरेंद्र शास्त्री ने पश्चिम बंगाल में आने वाले नवरात्रि पर्व का भी उल्लेख किया. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नवरात्रि के दौरान देवी प्रतिमाओं के आसपास मांसाहारी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि समाज में सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की जरूरत है.
'प्रतिमा में ही नहीं, प्रति मां में भी मां के दर्शन करें'
कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं है, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान का भी अवसर है. उन्होंने कहा कि लोग प्रतिमा में मां के दर्शन करने के साथ-साथ प्रत्येक मां में भी उसी सम्मान और श्रद्धा का भाव देखें.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया वीडियो
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के इस संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है. जौहर को लेकर की गई उनकी टिप्पणी और नवरात्रि से जुड़ी अपील पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. फिलहाल उनका यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं