विज्ञापन

चोरी के बाद सीनाजोरी! आरोपी खुद शिकायत लेकर पहुंचा थाने, पुलिस ने तीन आरोपियों का निकाला जुलूस

मध्य प्रदेश के हरदा में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा युवक ही सैलून चोरी का मुख्य आरोपी निकला. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज 4 घंटे में मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

चोरी के बाद सीनाजोरी! आरोपी खुद शिकायत लेकर पहुंचा थाने, पुलिस ने तीन आरोपियों का निकाला जुलूस
  • मध्य प्रदेश के हरदा जिले में चोरी की घटना में पुलिस ने चार घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.
  • चोरी की वारदात टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम करताना पूरा में हुई थी, जहां सैलून का ताला टूटा था.
  • चोरी गए सामान में एलईडी टीवी, ट्रिमर, गैस सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल थे.

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में चोरी के एक मामले ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. जिस युवक को पुलिस मारपीट का पीड़ित समझकर मेडिकल के लिए अस्पताल भेज चुकी थी, वही कुछ घंटों बाद चोरी का मुख्य आरोपी निकला. कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया. मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला और उनसे उठक-बैठक लगवाई.

सैलून का ताला तोड़कर ले गए लाखों का सामान

मामला टिमरनी थाना क्षेत्र के ग्राम करताना पूरा का है. यहां रहने वाले राकेश वर्मा ने पुलिस को शिकायत दी कि उनकी हेयर सैलून दुकान का ताला तोड़कर चोर एलईडी टीवी, ट्रिमर, गैस सिलेंडर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

चार घंटे में पुलिस ने शुरू कर दी पड़ताल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए. पुलिस को उम्मीद थी कि फुटेज में कोई अहम सुराग मिलेगा और हुआ भी कुछ ऐसा ही.

थाने पहुंचा युवक ही निकला आरोपी

जांच के दौरान सीसीटीवी में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया. पुलिस ने जब उसकी पहचान की तो अधिकारी भी चौंक गए. फुटेज में दिख रहा युवक वही था जो कुछ समय पहले मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था. हाथ में चोट होने के कारण पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज चुकी थी. जैसे ही पहचान पक्की हुई, पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और युवक को हिरासत में लिया.

पूछताछ में खुला चोरी का राज

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने बाकी दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उन्हें भी पकड़ लिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

पुलिस ने राजेश नायक, मोहम्मद शब्बीर उर्फ बब्बू और वंश कपोल उर्फ बांसू लाल को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया गया. बरामद सामान में सात ट्रिमर, दो एलईडी टीवी, दो सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, जियो वाई-फाई डिवाइस, दो हेयर ड्रायर, फेस मसाज मशीन, इन्वर्टर बैटरी, दो गैस सिलेंडर और दो म्यूजिक सिस्टम शामिल हैं.

मामले के खुलासे के बाद पुलिस आरोपियों को लेकर शहर की सड़कों पर निकली. इस दौरान आरोपियों का जुलूस निकाला गया और उनसे उठक-बैठक भी लगवाई गई. पुलिस की इस कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा रही. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harda News, CCTV Theft Case, Theft Accused Dies, Madhya Pradesh Crime News, MP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com