विज्ञापन

सीएम यादव के हेलीकॉप्टर पर मंडराया ड्रोन का खतरा, 10 मिनट तक रोकनी पड़ी उड़ान; फिर सामने आया सच

भिंड के दंदरौआ धाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलीकॉप्टर की उड़ान से पहले नो-फ्लाई जोन में संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने से हड़कंप मच गया. सुरक्षा कारणों से हेलीकॉप्टर की उड़ान करीब 10 मिनट तक रोकनी पड़ी. जांच में ड्रोन उड़ा रहा युवक स्थानीय यूट्यूबर निकला, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया.

सीएम यादव के हेलीकॉप्टर पर मंडराया ड्रोन का खतरा, 10 मिनट तक रोकनी पड़ी उड़ान; फिर सामने आया सच
  • एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव के भिंड दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर टेकऑफ से पहले नो-फ्लाई जोन में ड्रोन देखा.
  • वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट ने हेलीकॉप्टर उड़ान रोक दी और सभी को करीब दस मिनट रुका रखा.
  • ड्रोन उड़ाने वाले एक स्थानीय यूट्यूबर राघवेंद्र खेमरिया को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भिंड दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में एक बेहद गंभीर चूक का मामला सामने आया है. दंदरौआ धाम में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की उड़ान से ठीक पहले हेलीपैड के नो-फ्लाई जोन में एक अज्ञात ड्रोन मंडराता हुआ दिखा. वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोकने का फैसला किया, जिसके चलते मुख्यमंत्री और उनके साथ सवार वरिष्ठ मंत्रियों को करीब 10 मिनट तक हेलीपैड पर ही रुके रहना पड़ा. 

दूसरी तरफ सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए ड्रोन उड़ा रहे शख्स का पता लगा लिया. जानकारी के मुताबिक वो एक स्थानीय यूट्यूबर था, जिसे हिरासत में ले लिया. इस संवेदनशील घटना ने वीवीआईपी सुरक्षा के तय मानकों और स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

उड़ान भरने से ठीक पहले हेलीपैड पर मंडराया खतरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दंदरौआ हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद ग्वालियर रवाना होने के लिए हेलीपैड पर पहुंचे थे. उनके साथ प्रदेश के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री राकेश शुक्ला और जिला अध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी हेलीकॉप्टर के भीतर सवार हो चुके थे. पायलट जैसे ही टेकऑफ की तैयारी में था, तभी आसमान में हेलीपैड के ठीक ऊपर नो-फ्लाई जोन में एक ड्रोन उड़ता हुआ नजर आया. 

वीवीआईपी सुरक्षा को देखते हुए पायलट ने किसी भी तरह का जोखिम लेने से मना कर दिया और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हेलीकॉप्टर की उड़ान रोक दी. इस अचानक पैदा हुई स्थिति से वहां तैनात सुरक्षा बल और जिला प्रशासन के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए.

घेराबंदी कर यूट्यूबर को छत से दबोचा 

हेलीपैड के ऊपर ड्रोन दिखने की सूचना मिलते ही पुलिस, स्पेशल सिक्योरिटी टीम (SST) और अन्य खुफिया एजेंसियां तुरंत एक्टिव हो गईं. सुरक्षा घेरे को कड़ा करते हुए पूरे इलाके की सघन नाकाबंदी की गई और ड्रोन उड़ाने वाले शख्स की तलाश शुरू हुई. 

कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद मंदिर परिसर की एक छत से एक युवक को संदिग्ध हालत में ड्रोन रिमोट के साथ हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसकी पहचान राघवेंद्र खेमरिया के रूप में हुई है. जांच में पता चला है कि वह एक यूट्यूबर है और दंदरौआ धाम के सोशल मीडिया से जुड़े काम देखता है. वह कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के मकसद से वहां ड्रोन उड़ा रहा था.

बिना प्रशासनिक अनुमति के नो-फ्लाई जोन में घुसा ड्रोन

प्रारंभिक जांच में यह बात साफ तौर पर सामने आई है कि पकड़े गए यूट्यूबर ने वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या पुलिस अनुमति नहीं ली थी. उसने नियमों को ताक पर रखकर सीधे नो-फ्लाई जोन में ड्रोन उड़ाया, जो मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिहाज से एक अक्षम्य लापरवाही और प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन है. 

आरोपी युवक से ड्रोन जब्त कर लिया गया है. करीब 10 मिनट तक चले कड़े सुरक्षा सत्यापन और चप्पे-चप्पे की जांच के बाद जब एजेंसियों ने आसमान और हेलीपैड को पूरी तरह सुरक्षित (Clear) घोषित किया, तब जाकर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर ग्वालियर के लिए रवाना हो सका.

वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल

मुख्यमंत्री के एक दिवसीय भिंड दौरे (लहार और दंदरौआ धाम) के दौरान हुई इस घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी की पोल खोलकर रख दी है. फिलहाल मेहगांव थाना पुलिस और आला अधिकारी हिरासत में लिए गए युवक से गहन पूछताछ कर रहे हैं. एजेंसियां इस बात की बारीकी से जांच कर रही हैं कि यह महज एक यूट्यूबर की गंभीर लापरवाही थी या फिर सुरक्षा चक्र में कोई बड़ी प्रशासनिक चूक हुई है. इस संवेदनशील घटना ने साफ कर दिया है कि वीवीआईपी कार्यक्रमों में ड्रोन संचालन को लेकर बने कड़े नियमों का जमीन पर पालन कराने में स्थानीय स्तर पर भारी ढिलाई बरती गई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohan Yadav About Drone Policy, CM Mohan Yadav Security Breach, VVIP Security, No Fly Zone, Drone Near Fort McNair
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com