मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम उस समय मुश्किल में पड़ गई जब आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के दौरान एक आरक्षक के हाथ पर काट लिया. घटना बक्सवाहा थाना क्षेत्र की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्थायी वारंटी और रेप मामले का आरोपी इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी.
पुलिस के अनुसार जैसे ही टीम ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की वह भागने लगा. इस दौरान उसने विरोध करते हुए एक आरक्षक के हाथ पर दांत से काट लिया. काटने से आरक्षक के हाथ से खून निकलने लगा. हालांकि पुलिसकर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया और गिरफ्तार कर लिया.
मेडिकल जांच में सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
घटना के बाद घायल आरक्षक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. डॉक्टरों की सलाह पर आरोपी का भी ब्लड टेस्ट कराया गया. मेडिकल रिपोर्ट आने पर पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी हैरान रह गए क्योंकि आरोपी HIV पॉजिटिव निकला.
रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य संबंधी एहतियात बरती गई और घायल आरक्षक को बेहतर जांच एवं उपचार के लिए सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. फिलहाल आरक्षक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी द्वारा काटे जाने के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मी का प्राथमिक उपचार कराया गया था. उन्होंने कहा कि आरोपी के ब्लड टेस्ट में HIV संक्रमण की पुष्टि हुई है इसलिए सभी जरूरी चिकित्सीय प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है.
एसपी ने यह भी कहा कि कई बार पुलिस जब अपराधियों को पकड़ने जाती है तब कुछ लोग आरोपियों को बचाने की कोशिश करते हैं. ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों को अब 45 पैसे में मिलेगी 10 लाख रुपये की सुविधा, होने वाला है बड़ा बदलाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं