विज्ञापन

मध्य प्रदेश में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट, कई लोग घायल; 8 आरोपी गिरफ्तार

Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से हमला और पथराव किया, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए.

मध्य प्रदेश में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट, कई लोग घायल; 8 आरोपी गिरफ्तार

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के मलका गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बीती रात शुरू हुआ विवाद सुबह करीब 7 बजे दो अहिरवार परिवारों के बीच जमकर मारपीट में बदल गया. दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से हमला और पथराव किया, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दो पक्षों में जमकर मारपीट

बताया जा रहा है कि मलका गांव के सरपंच प्रेमचंद अहिरवार और दूसरे पक्ष के बीच पहले से राजनीतिक रंजिश भी थी, जिसके चलते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया. एक पक्ष के प्रेमचंद अहिरवार, भागीरथ, राजकुमार, राहुल, शीला और आरती सहित अन्य लोगों पर मारपीट के आरोप लगे हैं. वहीं दूसरे पक्ष में तुलाराम अहिरवार, रामदास, हरिराम, रवि, रंजीत, राजकुमार, विजय और सौरभ सहित कई लोग घायल हुए हैं.

8 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. एक पक्ष की शिकायत पर बीएनएस की धारा 296(B), 115(2), 351(2), 324(3), 333, 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर धारा 127(1), 296(B), 115(2), 351(2), 3(5) के तहत मामला कायम किया गया है.

गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. विवाद बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने विजय अहिरवार, मुकेश अहिरवार, अजय, रोहित, प्रमोद, सौरभ, रामस्वरूप और बृजेंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर धारा 170, 126, 135(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. घायलों को पहले गढ़ीमलहरा उपस्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया. हालांकि डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: दुष्कर्म पीड़िता और परिवार का गांव से बहिष्कार, प्रायश्चित के लिए समाज को बकरा और शराब पिलाने की मिली सजा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com