शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी का एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार मामला उनके किसी नए विवादित बयान का नहीं, बल्कि उनके फरार बेटे दिनेश लोधी को लेकर न्यायालय द्वारा उठाए गए कड़े कदम और उस पर विधायक की ओर से आई प्रतिक्रिया से जुड़ा है. विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा- वह कई डकैतों को समर्पण करवा चुके हैं. उन्होंने कहा कि जब वह आरोपियों को लेकर थाने और चौकी जाते थे तो पूरा थाना हिल जाता था. हालांकि, अदालत के फैसले पर विधायक के सुर बदले हुए नजर आए, उन्होंने अपने बेटे दिनेश लोधी से सरेंडर करने की अपील की. साथ ही कहा कि मैंने उसकी मां से भी कह दिया है कि दिनेश को जल्द कोर्ट में पेश कराएं.
दरअसल, ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी (SC-ST) अदालत ने विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित कर दिया है. साथ ही उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है. अदालत के इस एक्शन पर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने अदालती कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया है.
एमपी में बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का बेटा फरार घोषित, कोर्ट का आदेश- फाइल पर लाल स्याही से लिखें नोट
क्या है पूरा मामला?
प्रीतम लोधी ने बताया कि उनके बेटे दिनेश लोधी का एससी-एसटी एक्ट का पुराना मामला न्यायालय में विचाराधीन है. वह कई तारीखों पर अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके कारण माननीय न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया है. उन्होंने आगे कहा-दिनेश को न्यायालय का सम्मान करते हुए तुरंत आत्मसमर्पण करना चाहिए. मैंने उसकी मां से भी साफ कह दिया है कि उसे जल्द से जल्द न्यायालय में पेश कराएं. न्यायालय चाहे उसे सजा दे या बरी करे, हर फैसले का सम्मान करेंगे.
चर्चा में रहता है लोधी का अंदाज
बता दें कि प्रीतम सिंह लोधी राजनीति में अपने बेबाक और कई बार विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा का केंद्र बने रहते हैं. लेकिन, इस बार उनके सुर बदले हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने अपने बेटे को कानून का पालन कर सरेंडर करने की नसीहत दी, जिसे लेकर सियासी और सामाजिक हलकों में जमकर चर्चा हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं