- साधु वेष में गांजा तस्करी, 15.5 किलो गांजा बरामद.
- पंजाब के रहने हैं दोनों तस्कर, पोटली में रखकर घूम रहे थे गांजा.
- बिलासपुर मंडल RPF ने 2026 में अब तक 550 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 3 करोड़ से ज्यादा.
बिलासपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है. वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार के नेतृत्व में गठित टास्क टीम ने निगौरा रेलवे स्टेशन पर भेष बदल कर गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पकड़ा. आरोपियों के कब्जे से कुल 15.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.77 लाख रुपये है बताई जा रही है.
हैरानी की बात यह है कि दोनों तस्कर साधु के वेष में थे. आरपीएफ ने यह कार्रवाई ऑपरेशन ‘नारकोस' के तहत की है.
रात में भगवा कपड़े पहने मिले थे दोनों तस्कर
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 1:15 बजे सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में RPF टास्क टीम निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों एवं सामान की जांच कर रही थी. इस दौरान उन्होंने साधु के वेष में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे, उन्होंने भगवा रंग के कपड़े पहन रखे थे.
पोटली में रखा था गांजा
टीम ने जब उनसे पूछताछ की तो उनके जवाब भी टालमटोल वाले थे. फिर उनके पास रखी कपड़ों की पोटलियों की तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ. पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसा नाथ (40) और मनता नाथ उर्फ लंबू (39) के रूप में हुई, जो पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले हैं. तलाशी के दौरान हंसा नाथ के कब्जे से 7.280 किलोग्राम और मनता नाथ के कब्जे से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
RPF ने दोनों आरोपियों को बरामद गांजे के साथ जैतहरी थाना पुलिस को सौंप दिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामला भी दर्ज किया है.
2026 में अब तक 550 किलो से अधिक गांजा जब्त
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बिलासपुर मंडल RPF द्वारा वर्ष 2026 में लगातार सघन एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. अब तक की कार्रवाई में कुल लगभग 550 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक है. RPF की सतर्कता, लगातार निगरानी और विशेष अभियानों के माध्यम से रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास निरंतर जारी है.
ये भी पढ़ें- महाकाल मंदिर के गर्भगृह में घुसने की कोशिश, भीड़ का वीडियो वायरल, सुरक्षाकर्मियों से हुई मारपीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं