- महाकाल मंदिर परिसर में नंदी हॉल की बैरिकेडिंग तोड़ी, दानपेटी फेंकी.
- सुरक्षाकर्मियों से मारपीट का वीडियो हुआ वायरल, मंदिर समिति ने कार्रवाई की बात कही.
- दर्शन व्यवस्था तोड़ने पर हंगामा, मंदिर प्रबंधन बोला - आस्था की आड़ में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं.
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित दर्शन व्यवस्था को तोड़ने का प्रयास किया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग नंदी हॉल की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं. सुरक्षा कर्मियों द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भीड़ लगातार आगे बढ़ती नजर आती है.
मंदिर प्रबंध समिति का कहना है कि उपद्रवी लोगों ने नंदी हॉल में लगी बैरिकेडिंग को तोड़ दिया. व्यवस्था बिगाड़कर दान पेटियों को भी इधर-उधर फेंक दिया. इसके बाद कुछ लोगों ने अनधिकृत रूप से गर्भगृह की ओर जाने का प्रयास किया. मंदिर परिसर के अंदर का वीडियो भी वायरल हो रहा है.
नंदी हॉल की तरफ बढ़ी भीड़
वीडियो में दिख रहा है कि सुरक्षाकर्मी भीड़ को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षा गार्ड और पुलिस कर्मियों ने कुछ लोगों को मौके से बाहर किया. वहीं, कुछ अन्य लोग दोबारा भीड़ के रूप में नंदी हॉल की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं.
मंदिर समिति का कहना है कि इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों के साथ हाथापाई और मारपीट भी की गई, जिसमें सुरक्षाकर्मियों को चोटें आई हैं. घटना को मंदिर प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है और संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से की अपील
समिति ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आस्था की आड़ में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़, बैरिकेडिंग तोड़ना, मंदिर संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करना या निर्धारित दर्शन व्यवस्था का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित मार्ग एवं नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से बाबा महाकाल के दर्शन करें.
ये भी पढ़ें- महाकाल लोक में 1000 साल पुराना शिव मंदिर ले रहा आकार, राजस्थान के 28 कारीगर तराश रहे इतिहास, ये है कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं