विज्ञापन

भोजशाला: आदेश के बाद पहले शुक्रवार को घरों और मस्जिदों में हुई नमाज, मंदिर में दिनभर चली पूजा

धार की भोजशाला में हाईकोर्ट के आदेश के बाद पहले शुक्रवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला. जहां परिसर में दिनभर पूजा-अर्चना हुई, वहीं मुस्लिम समाज ने घरों और मस्जिदों में नमाज अदा की. फैसले के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी हुआ.

भोजशाला: आदेश के बाद पहले शुक्रवार को घरों और मस्जिदों में हुई नमाज, मंदिर में दिनभर चली पूजा

Bhojshala Friday Controversy: धार की ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर इंदौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद पहला शुक्रवार खासा अहम और संवेदनशील रहा. करीब 20 साल बाद हालात बदले नजर आए जहां एक ओर परिसर में पूरे दिन पूजा-अर्चना और महाआरती होती रही, वहीं नमाज मस्जिदों और घरों में अदा की गई. शहर में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए.

भोजशाला में दिनभर चला पूजा-पाठ

हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को भोजशाला परिसर में सुबह से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई, जो दिनभर जारी रही. यहां महाआरती का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला लोग जयकारे लगाते और भजन गाते नजर आए. लंबे समय बाद ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह था.

मुस्लिम समाज ने घरों और मस्जिदों में पढ़ी नमाज

इस बार परंपरा में बदलाव करते हुए मुस्लिम समाज ने भोजशाला परिसर में नमाज अदा नहीं की. नमाज अपने-अपने घरों और स्थानीय मस्जिदों में अदा की गई. फैसले के विरोध में कई जगहों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और काली पट्टी बांधकर विरोध जताया. हालांकि विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा.

सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

मुस्लिम समाज के सदर अब्दुल समद ने कहा कि समाज कानून व्यवस्था का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहा है. उन्होंने बताया कि इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है और न्याय मिलने की उम्मीद है. उन्होंने साफ किया कि समाज किसी तरह की अशांति नहीं चाहता, बल्कि कानूनी तरीके से अपना पक्ष रख रहा है.

प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट

संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके. दिनभर शांति बनी रही और दोनों समुदायों ने संयम का परिचय दिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhojshala Dhar Controversy,  Indore High Court Bhojshala Order, Bhojshala Friday Prayer Issue, Dhar Security Alert Bhojshala, Bhojshala Temple Mosque Dispute, Dhar Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com