भिंड जिले में महज 5 रुपये के विवाद ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया. आटा चक्की पर कम तोल और पिसाई के पैसे को लेकर शुरू हुआ मामूली झगड़ा इतनी खौफनाक हिंसा में बदल गया कि चक्की संचालक ने ग्राहक का कान ही काट लिया. खून से लथपथ हालत में पीड़ित सीधे थाने पहुंचा, जहां उसने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
5 रुपये के विवाद ने लिया खतरनाक रूप
घटना मेहगांव थाना क्षेत्र के मौरोली गांव की है, जहां एक छोटे से पैसों के विवाद ने विकराल रूप ले लिया. बताया जा रहा है कि आटा कम तौलने और पिसाई के पैसे को लेकर ग्राहक और चक्की संचालक के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई.
कम आटा मिलने पर शुरू हुआ विवाद
मौरोली गांव निवासी थान सिंह ने दो दिन पहले करीब 37.5 किलो गेहूं पिसाई के लिए गोरमी रोड स्थित पप्पू ओझा की आटा चक्की पर दिया था. जब वह आटा लेने पहुंचा, तो उसे करीब 36 किलो आटा ही दिया गया. लगभग डेढ़ किलो आटा कम मिलने पर उसने इसका विरोध किया.
पिसाई के पैसे पर बढ़ी तकरार
कम तौल के साथ-साथ पिसाई के पैसे को लेकर भी विवाद गहराता गया. चक्की संचालक ने 45 रुपये मांगे, जबकि ग्राहक ने 40 रुपये ही दिए. महज 5 रुपये के इस अंतर ने दोनों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया, और बहस ने उग्र रूप ले लिया.
आरोप है कि विवाद के दौरान चक्की संचालक पप्पू ओझा ने अपना आपा खो दिया. गुस्से में उसने ग्राहक थान सिंह पर हमला कर दिया और हैरान कर देने वाली हरकत करते हुए उसके कान को अपने मुंह से काट लिया. यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
खून से लथपथ हालत में पहुंचा थाने
हमले में घायल थान सिंह के कान से लगातार खून बहता रहा. घायल अवस्था में ही वह किसी तरह मेहगांव थाने पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पप्पू ओझा अपनी आटा चक्की बंद कर मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं