विज्ञापन

दतिया कांग्रेस में 'बगावत' : घनश्याम बोले- राजेंद्र भारती ने भितरघात किया , भारती का पलटवार- आप BJP के आदमी

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर मतगणना से ठीक पहले कांग्रेस में भारी बगावत देखने को मिल रही है. कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने राजेंद्र भारती पर बीजेपी से फंडिंग लेकर भितरघात करने का आरोप लगाया है, वहीं राजेंद्र भारती ने पलटवार करते हुए घनश्याम को नरोत्तम मिश्रा का आदमी बताया है.

दतिया कांग्रेस में 'बगावत' : घनश्याम बोले- राजेंद्र भारती ने भितरघात किया , भारती का पलटवार- आप BJP के आदमी

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर काउंटिंग से ठीक पहले कांग्रेस के दो बड़े दिग्गजों के बीच आर-पार की जंग छिड़ गई है. पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर बीजेपी से भारी फंडिंग लेकर गद्दारी करने और हराने की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप लगाकर आलाकमान से उन्हें बाहर निकालने की मांग की है. इस पर तीखा पलटवार करते हुए राजेंद्र भारती ने घनश्याम सिंह को 'कायर और डरपोक' करार दिया और खुलासा किया कि घनश्याम खुद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की सहमति और बैसाखी पर यह चुनाव लड़ रहे थे, जिनका पूरा फंड मैनेजमेंट भी बीजेपी के लोग ही संभाल रहे थे. मतगणना से पहले सामने आई इस तीखी गुटबाजी ने दतिया में राजनीतिक भूचाल ला दिया है.

घनश्याम सिंह का बड़ा आरोप: राजेंद्र भारती को मिली बीजेपी से फंडिंग

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. एनडीटीवी से खास बातचीत में घनश्याम सिंह ने दावा किया कि चुनाव प्रचार और मतदान के दौरान राजेंद्र भारती ने कांग्रेस के लिए काम करने के बजाय भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ मिलकर काम किया. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि राजेंद्र भारती को भाजपा की तरफ से फंडिंग मिली थी और उन्होंने अपने समर्थकों और करीबियों के माध्यम से चुनाव में पैसे बांटकर कांग्रेस प्रत्याशी को हराने की पूरी रणनीति तैयार की. घनश्याम सिंह के अनुसार,इस भीतरघात की पूरी जानकारी और शिकायत पार्टी आलाकमान सहित राष्ट्रीय अध्यक्ष तक भेज दी गई है और उन्होंने राजेंद्र भारती को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की है.

राजेंद्र भारती का तीखा पलटवार: कायर और डरपोक हैं घनश्याम सिंह

घनश्याम सिंह के इन गंभीर आरोपों के बाद राजेंद्र भारती ने भी चुप्पी तोड़ते हुए उन पर जोरदार हमला बोला है. राजेंद्र भारती ने घनश्याम सिंह को  कायर और डरपोक करार देते हुए कहा कि जो लोग खुद कांच के महलों में रहते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर फेंकने की आदत छोड़ देनी चाहिए. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि घनश्याम सिंह अपनी संभावित हार और डर को छिपाने के लिए इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं. भारती ने कहा कि वे जनता के बीच रहकर राजनीति करते हैं, नेताओं के कमरों में बैठकर नहीं, और पूरा दतिया जानता है कि किसने किसके लिए संघर्ष किया है.

नरोत्तम मिश्रा की बैसाखी पर लड़ा चुनाव, वही कर रहे थे फंड मैनेजमेंट

राजेंद्र भारती ने आगे दावा किया कि घनश्याम सिंह ने यह चुनाव दतिया के पूर्व गृह मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा की सहमति और उनकी बैसाखी के सहारे लड़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि नरोत्तम मिश्रा ने खुद घनश्याम सिंह के लिए उपचुनाव की पूरी व्यवस्था की थी और उनका पूरा फंड मैनेजमेंट भी नरोत्तम मिश्रा के ही लोग संभाल रहे थे. भारती ने कहा कि दतिया के जिन भाजपा नेताओं के खिलाफ उन्होंने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सालों तक सड़क पर उतरकर संघर्ष किया, आज घनश्याम सिंह मंचों से उन्हीं की तारीफ करते नहीं थकते. राजेंद्र भारती के मुताबिक, घनश्याम सिंह नरोत्तम मिश्रा के सामने चुनाव लड़ना ही नहीं चाहते थे, इसलिए अब वे वही भाषा बोल रहे हैं जो नरोत्तम मिश्रा उनसे कहलवाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: शहर घर में बैठा, गांव बूथ पर उमड़ा, कम मतदान BJP की पकड़ या कांग्रेस के पक्ष में खामोश गुस्सा?

2028 के चुनाव का दिया था लालच

अंदरूनी खींचतान की पोल खोलते हुए राजेंद्र भारती ने यह भी खुलासा किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान घनश्याम सिंह ने उन्हें कई तरह के राजनीतिक लालच देने की कोशिश की थी. भारती के अनुसार, घनश्याम सिंह ने उनसे कहा था कि वे अभी दतिया से लड़ रहे हैं और 2028 का आगामी विधानसभा चुनाव सेवढ़ा सीट से लड़ लेंगे ताकि भारती के लिए रास्ता साफ रहे. लेकिन उन्होंने ऐसे किसी भी लालच को ठुकरा दिया. फिलहाल, काउंटिंग से ठीक पहले उभरी इस आपसी गुटबाजी और तीखी बयानबाजी ने दतिया के राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है और कांग्रेस संगठन के लिए एक असहज स्थिति पैदा कर दी है.
ये भी पढ़ें: 'राजेंद्र भारती ने BJP के साथ मिलकर भितरघात किया, पार्टी से निकाला जाए'- कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Datia By Election 2026, Narottam Mishra, Rajendra Bharti Controversy, Madhya Paradeh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com