Bargi dam cruise sink News: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर (Jabalpur) स्थित मशहूर पर्यटन स्थल बरगी बांध (Bargi Dam) में गुरुवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है. दरअसल, 31 पर्यटकों से भरा एक आलीशान क्रूज शाम साढ़े 5 बजे के करीब तेज आंधी के बीच अचानक बांध की अथाह जल में समा गया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं. जबकि कई 11-15 पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं. इसके बाद सीएम मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है. वहीं, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने घटना की Magistrate Inquiry की मांग की है.
हादसे के बाद सीएम मोहन यादव ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है, जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. इसके आगे उन्होंने लिखा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवारजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है.
पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे
वहीं, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दु:खद सूचना मिली है. कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं. मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका हूं. एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है. इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं. उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
यह भी पढ़ें- जबलपुर क्रूज हादसा: टॉर्च की रोशनी में चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन, क्या अंधेरे से जीत पाएंगी 11 जिंदगियां?
दिग्विजय सिंह ने की Magistrate जांच की मांग
वहीं, इस घटना पर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है. इस दुखद दुर्घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है. हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें. प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं. इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि प्रशासन को Magistrate Enquiry का आदेश देना चाहिए और Cruise के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए.
यह भी पढ़ें- Bargi Dam Cruise Sink Case: बरगी डैम में क्रूज पर सैर करने की कैसी है व्यवस्था, कितना लगता है किराया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं