विज्ञापन
This Article is From Dec 09, 2015

ऑड-ईवन फॉर्मूला : दिल्ली में कामयाबी के बाद यूपी सरकार भी लागू करेगी

ऑड-ईवन फॉर्मूला : दिल्ली में कामयाबी के बाद यूपी सरकार भी लागू करेगी
प्रतीकात्मक तस्वीर
लखनऊ: यूपी सरकार भी दिल्ली  का ऑड इवन कार फार्मूला लागू  कर सकती है, बशर्ते कि दिल्ली का तजुर्बा कामयाब हो जाए। क्योंकि दिल्ली के बाद देश में सबसे ज़्यादा वायु प्रदूषण यूपी में है। यही नहीं आज तो लखनऊ देश का सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहर बन गया, जहां प्रदूषण का स्तर वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन की तय सीमा से क़रीब 20 गुना ज़्यादा रिकॉर्ड किया गया। यहां आज  सारे दिन पार्टिकुलेट मैटर 490  माइक्रोग्राम से ज़्यादा रहा जबकि दिल्ली में 470 माइक्रोग्राम से ज़्यादा है। हालांकि वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन के मानकों के मुताबिक़ यह 25 माइक्रोग्राम से ज़्यादा नहीं होना चाहिए।

यूपी के मंत्री का बयान
यूपी के ट्रांसपोर्ट मंत्री यासिर शाह ने कहा कि, "दिल्ली या लखनऊ जैसे शहरों की हवा को आने वाली पीढ़ियों के लिए साफ़ बना के रखना एक बड़ी चुनौती है। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली का तजुर्बा कामयाब  होगा। अगर यह कामयाब होता है तो हम भी इसे लागू कर सकेंगे।"

बस से सफर कर रहे हैं मंत्री
ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने खुद बस से सफर शुरू कर दिया है। वह बहराइच ज़िले के रहने वाले हैं जहाँ से लखनऊ तक का सफर वह अपने परिवार के साथ सरकारी बस में करते हैं।  उन्होंने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने की अपील की है।

यूपी के तमाम शहर प्रदूषित
यूपी के कई शहर देश के सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहरों में शुमार हो गए हैं। आगरा में ताजमहल के दीदार करने क़रीब 50 लाख विदेशी सैलानी आते हैं, लेकिन यह देश के सबसे ज़्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया है। यही हाल वाराणसी का है। कानपूर औद्योगिक शहर है जिसकी आबादी 62 लाख हो चुकी है। चूंकि कानपूर की क़रीब 80 फीसद आबादी शहर में और 20 फीसद गावों में रहती है इसलिए यहां खेतों और बागों की हरियाली भी न के बराबर है। यह अक्सर देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन जाता है। यही हाल लखनऊ का है, जहां 23 लाख से ज़्यादा गाड़ियां चलती हैं।

प्रदेश सरकार के अफसरों की एक टीम हाल ही में सिंगापुर से ट्रैफिक सिस्टम की स्टडी कर के लौटी है जिसने सलाह दी है कि यहां भी नई गाड़ी खरीदने के लिए कोटा सिस्टम शुरू किया जाए, कम से कम उनके लिए जिनके पास पहले ही एक से ज़्यादा गाड़ियां हैं।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
यूपी सरकार, दिल्ली, ऑड ईवन फॉर्मूला, वायु प्रदूषण, कारों का संचालन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, UP Government, Delhi, Odd Even Formula, Air Pollution
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com