विज्ञापन
This Article is From Mar 28, 2017

राजधानी एक्सप्रेस में घटिया भोजन से 6 यात्री बीमार, विरोध के लिए मंत्री बाबुल सुप्रियो ने किया धन्यवाद

राजधानी एक्सप्रेस में घटिया भोजन से 6 यात्री बीमार, विरोध के लिए मंत्री बाबुल सुप्रियो ने किया धन्यवाद
केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने आश्वासन दिया कि वह मुद्दे को रेल मंत्री सुरेश प्रभु के समक्ष उठाएंगे..
कोलकाता: नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में रेलवे द्वारा परोसा गया खाना खाकर छह यात्री बीमार हो गए, जिसके बाद मंगलवार को सह यात्रियों ने दो स्टेशनों पर हंगामा किया. इस घटना के बाद केंद्रीय मंत्री तथा आसनसोल से सांसद बाबुल सुप्रियो ने कहा कि उन्हें भी कई बार राजधानी एक्सप्रेस में खराब गुणवत्ता का खाना मिला है. कई यात्रियों ने राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रतिष्ठित रेलगाड़ी में घटिया गुणवत्ता के खाने और सेवाओं को लेकर आसनसोल तथा सियालदह टर्मिनस पर विरोध-प्रदर्शन किया. आसनसोल से सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष उठाएंगे.

एक महिला यात्री ने कहा, "रेलगाड़ी में खाने की गुणवत्ता बेहद घटिया है और यह समय पर परोसा भी नहीं जाता. जब लोग ऐसी रेलगाड़ियों से यात्रा के एवज में मोटी रकम अदा करते हैं, तो वे खाने की बेहतर गुणवत्ता व सेवाओं की उम्मीद करते हैं, लेकिन ऐसा अक्सर नहीं होता. इस रेलगाड़ी के कम से कम छह यात्री कल (सोमवार) रात का खाना खाकर बीमार पड़ गए."

पूर्व रेलवे के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि उन्हें शिकायत मिली है और कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी. लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसी घटना 'कभी-कभार' सामने आती है. पूर्व रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा, "ऐसा कभी-कभार होता है. रेलगाड़ी में लगभग 1,200 यात्री सवार थे, जिनमें से 5-6 यात्रियों ने खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की. हम मामले की जांच कर रहे हैं. उचित कार्रवाई की जाएगी."

वहीं बाबुल सुप्रियो ने आश्वासन दिया कि वह मुद्दे को रेल मंत्री सुरेश प्रभु के समक्ष उठाएंगे और अगर जरूरत पड़ी तो खुद रेलगाड़ियों में खाने की गुणवत्ता की जांच करेंगे. उन्होंने कहा, "आज (मंगलवार) मैं प्रधानमंत्री आवास पर मंत्रिपरिषद की एक बैठक में हिस्सा लूंगा, जहां मैं मुद्दे पर सुरेश प्रभु के साथ चर्चा करूंगा. हालात का निरीक्षण करने के लिए मैं किसी भी दिन आसनसोल आ सकता हूं. इस बात में सच्चाई है कि राजधानी एक्सप्रेस में कभी-कभी खाने की गुणवत्ता बेहद खराब होती है. विरोध-प्रदर्शन के लिए मैं यात्रियों का शुक्रिया अदा करता हूं. उनके आंदोलन से मेरा पक्ष और मजबूत हुआ है."

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राजधानी एक्सप्रेस, Rajdhani Express, सियालदाह, Sealdah, आसनसोल, Asansol, बाबुल सुप्रियो, Babul Supriyo, राजधानी फूड प्वाइजनिंग, Rajdhani Foodfood Poisoning
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com