विज्ञापन
This Article is From Jan 11, 2017

ममता ने की 'चूहे' से पीएम मोदी की तुलना, कहा -"हम बाघों से लड़ते हैं, डरेंगे नहीं'

ममता ने की 'चूहे' से पीएम मोदी की तुलना, कहा -"हम बाघों से लड़ते हैं, डरेंगे नहीं'
सीएम ममता बनर्जी ने सीबीआई को भारतीय साजिश ब्यूरो बताया...
कोलकाता: जब से कथित रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में टीएमसी के दो सांसदों तृणमूल सांसद सुदीप बंदोपाध्याय और तापस पाल की गिरफ्तारी हुई है तब से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिए हुए है. अपने सांसदों की गिरफ्तारी से नाराज ममता ने प्रधानमंत्री और सीबीआई पर निशाना साधने के लिए चूहे का उदाहरण दिया.

ममता ने कहा, "प्रधानमंत्री एक ऐसी कंपनी के सेल्समैन बन गए हैं जिसके 40 फीसदी शेयर काली सूची में पड़ी हुई एक चीनी कंपनी के पास हैं." उन्होंने कहा, "नोटबंदी की अहम फाइलें नरेंद्र मोदी और उनके कार्यालय द्वारा हटाई जा रही हैं. जब मोदी पद से हट जाएंगे, केवल तभी हमें इस घोटाले की गंभीरता जान पाएंगे. यह नोटबंदी कुछ नहीं बल्कि सफेद धन को काले और कालेधन को सफेद धन में बदलने की साजिश है."

सांसदों की गिरफ्तारी पर ममता ने सीबीआई को भी आड़े हाथ लिया. उन्होंने कहा, "सीबीआई कोई स्वतंत्र जांच एजेंसी नहीं है. वह भारतीय साजिश ब्यूरो है." उन्होंने कहा, "वे सोचते थे कि तृणमूल मुलायम मिट्टी से बनी है जिसे चूहे भी कुतर सकते हैं. लेकिन हम बाघों से लड़ते हैं हम चूहों से नहीं डरेंगे." तृणमूल नोटबंदी के खिलाफ नौ जनवरी से कोलकाता मे आरबीआई कार्यालय के बाहर 72 घंटे का धरना दे रही है.

दूसरी ओर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी विवादित बयान दे डाला. नोटबंदी पर देशव्यापी प्रदर्शन के बाद उन्होंने कोलकाता भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) कार्यालय के सामने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "2019 के लोकसभा चुनाव में, आप चूहे हो जाएंगे. आप शेर नहीं बने रहेंगे. मोदी को चूहे की तरह गुजरात लौट जाना होगा."

प्रधानमंत्री के खिलाफ तृणमूल नेताओं की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि यह 'निम्नतम स्तर है जहां तक नेता उतर सकते हैं' और यह प्रधानमंत्री एवं भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर उनकी कुंठा को दर्शाती है.

नायडू ने नई दिल्ली में जारी एक बयान में कहा, "तृणमूल नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरूद्ध गाली-गलौज वाली भाषा के इस्तेमाल से मैं स्तब्ध और निराश हूं. यह निम्नतम स्तर है जहां तक नेता उतर सकते हैं. मैं आशा करता हूं कि उनका नेतृत्व अपनी मूखर्ता का अहसास करे."  उन्होंने कहा, "यह प्रधानमंत्री एवं भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को लेकर बस उनकी कुंठा को दर्शाती है."

कल्याण बनर्जी के बयान पर भाजपा सचिव राहुल सिन्हा ने कोलकाता में कहा, "मैं वाकई यह महसूस कर शर्मिंदा हूं कि वह सांसद हैं . वह सांसद के बिल्कुल लायक नहीं हैं. उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. उन्हें डॉक्टर के पास जाना चाहिए और अपना मानसिक जांच करानी चाहिए क्योंकि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं."

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ममता बनर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मदो, कल्याण बनर्जी, रोज वैली चिटफंड घोटाला, नोटबंदी, राहुल सिन्हा, Mamta Banarjee, Kalyan Banerjee, Rose Valley Chit Fund Scam, PM Modi, Rahul Sinha BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com