Airport Bomb Disposal: फिल्मों में आपने कई बार एयरपोर्ट पर बम मिलने का सीन देखा होगा. कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका खाली करा दिया जाता है और एक खास टीम मौके पर पहुंच जाती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस बम को वहां से हटाया जाता है, उसे आखिर रखा कहां जाता है. क्या उसे सीधे किसी गड्ढे में ले जाया जाता है या फिर किसी खास बॉक्स में रखा जाता है. दरअसल, इसके लिए एक खास और बेहद मजबूत कंटेनर का इस्तेमाल किया जाता है. इसी की मदद से लोगों तक खतरा पहुंचने का जोखिम काफी कम किया जाता है.
किस बॉक्स में रखा जाता है बम
अगर किसी बैग या सामान में बम होने का शक होता है, तो उसे थ्रेट कंटेनमेंट वेसल या बम कंटेनमेंट बॉक्स में रखा जाता है. ये एक बहुत मजबूत कंटेनर होता है, जिसे खास तौर पर ऐसे मामलों के लिए बनाया जाता है. अगर किसी वजह से इसके अंदर धमाका भी हो जाए, तो उसका असर काफी हद तक इसी कंटेनर के अंदर रहता है. इससे आसपास मौजूद लोगों और एयरपोर्ट को नुकसान पहुंचने का खतरा काफी कम हो जाता है.
क्या कूलिंग पिट और ये बॉक्स एक ही चीज हैं
नहीं. कई लोग कूलिंग पिट और बम कंटेनमेंट बॉक्स को एक ही चीज समझ लेते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. बम कंटेनमेंट बॉक्स एक मजबूत कंटेनर होता है, जिसमें बम को रखा जाता है. वहीं कूलिंग पिट एयरपोर्ट के सुरक्षित हिस्से में बनी एक खास जगह होती है. जरूरत पड़ने पर कंटेनर में रखे गए बम को वहां ले जाया जा सकता है. यानी दोनों का काम अलग-अलग होता है.
बम को इस बॉक्स तक कैसे पहुंचाया जाता है
बम को कोई व्यक्ति हाथ से नहीं उठाता. इसके लिए खास रोबोट और दूसरी मशीनों की मदद ली जाती है. पहले उसे कंटेनर में रखा जाता है और फिर जरूरत के हिसाब से आगे जांच के लिए सुरक्षित जगह पर ले जाया जाता है. पूरी प्रक्रिया बहुत सावधानी से की जाती है, ताकि किसी तरह का खतरा न हो.
क्यों जरूरी होता है ये कंटेनर
अगर बम को बिना किसी खास इंतजाम के हटाया जाए, तो बड़ा हादसा हो सकता है. लेकिन ये मजबूत कंटेनर धमाके के असर को काफी हद तक रोकने के लिए बनाया गया है. यही वजह है कि दुनिया के कई बड़े एयरपोर्ट पर ऐसे कंटेनर पहले से मौजूद रहते हैं. अगर कभी एयरपोर्ट पर कोई लावारिस बैग या शक वाला सामान दिखे, तो उसे हाथ लगाने की बजाय तुरंत वहां मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी देना सबसे सही तरीका है.
ये भी पढ़ें - दवा तो ठीक है लेकिन इसके साथ दारू क्यों कहा जाता है? ये रहा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं