झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित परीक्षाओं, विशेष रूप से 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर रांची के कचहरी स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में हजारों छात्र अनिश्चितकालीन सत्याग्रह पर बैठ गए हैं. आंदोलनरत छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगे. इन सभी छात्रों की मांग हैं कि 14th JPSC और JSSC की परीक्षा को रद्द किया जाए.
छात्र 10 दिनों से ज्यादा समय से धरने पर बैठे हैं. इस मामले में JPSC के चेयरमैन S khaynate पहले ही इस्तीफ़ा दे चुके हैं. मामले की जांच सीआईडी कर रही है. छात्र इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने के साथ इसमें लिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के मौके पर छात्रों ने उनकी तस्वीर भी अपने टेंट में लगाई है.
स्टेडियम बना छात्रों का घर
तस्वीरों और इनपुट के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र स्टेडियम में तिरपाल से टेंट बनाकर रह रहे हैं. वे वहीं अपना खाना खुद बना रहे हैं, खा रहे हैं और इस संघर्ष के बीच अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं. तस्वीरों में एक मच्छरदानी के अंदर बैठकर पढ़ती एक छात्रा और अन्य छात्रों को टेंट के नीचे संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है, जो उनके दृढ़ निश्चय को दर्शाता है.
विधानसभा घेराव की चेतावनी
बारिश और अन्य परेशानियों का सामना कर रहे छात्रों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें तुरंत पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन उग्र होगा. इस संघर्ष को और तेज करने के लिए 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एक विशाल 'विधानसभा घेराव' कार्यक्रम की योजना बनाई गई है, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- रांची में भी खड़ा हो रहा जंतर-मंतर, 32 की उम्र में बेरोजगार एक युवती का दर्द देखिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं