- दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने झारखंड के साहिबगंज जिले में हत्या के एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया
- चंपई मरांडी 21 मई 2026 को लापता हुआ था और उसका शव जंगल से बरामद हुआ था
- पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मामूली विवाद के कारण शराब के नशे में चंपई मरांडी की हत्या की गई थी
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले में हुए एक सनसनीखेज किडनैपिंग और हत्या के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपी हत्या के बाद दिल्ली में छिपकर रह रहा था ताकि पुलिस से बच सके. पुलिस के मुताबिक यह मामला झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाना इलाके का है. यहां 21 मई 2026 को चंपई मरांडी नाम के व्यक्ति के अचानक लापता होने के बाद मामला दर्ज किया गया था. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चंपई मरांडी को आखिरी बार कुछ लोगों के साथ शराब पीते हुए देखा गया था. इसके बाद पुलिस ने जंगली इलाके में तलाश शुरू की. उसके आखिरी बार देखे जाने के करीब 10 दिन बाद पुलिस को जंगल से चंपई मरांडी का शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद केस में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं. पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में छिपा दिया था ताकि सबूत मिटाए जा सकें. इसके बाद सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए थे.
दिल्ली में छिपा था आरोपी
इसी बीच दिल्ली क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना मिली कि मामले का एक आरोपी सुखदेव मुर्मू उर्फ ताला दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में हनुमान मंदिर के पास छिपा हुआ है. सूचना देने वाले ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कुछ लोगों के सामने खुद अपने अपराध का जिक्र किया था और बताया था कि हत्या के बाद शव जंगल में फेंक दिया गया था.
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने तुरंत झारखंड पुलिस से संपर्क किया. बोरियो थाना पुलिस ने पुष्टि की कि हत्या का मामला दर्ज है और आरोपी फरार चल रहे हैं. इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच लगातार तालमेल बनाकर कार्रवाई की गई.
क्राइम ब्रांच की टीम ने यमुना बाजार इलाके में जाल बिछाया और कई घंटों तक निगरानी की. आखिरकार 24 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे आरोपी सुखदेव मुर्मू को पकड़ लिया गया.
मामूली बात पर झगड़े में गई जान
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 मई को वह बाबूजी मरांडी, मंगल टुडू और मृतक चंपई मरांडी के साथ बैठकर शराब पी रहा थे. इसी दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि सह आरोपियों ने चंपई मरांडी का गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी सुखदेव ने भी हत्या में उनका साथ दिया.
पुलिस के मुताबिक सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या में शामिल लोगों में मृतक का सगा भाई बाबूजी मरांडी भी शामिल था. शराब के नशे में मामूली विवाद ने हत्या जैसे बड़े अपराध का रूप ले लिया.
गिरफ्तार आरोपी सुखदेव मुर्मू झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है. वह मजदूरी का काम करता है और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर झारखंड पुलिस को सौंप दिया है. झारखंड पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई, लगातार निगरानी और झारखंड पुलिस के साथ बेहतर तालमेल की वजह से आरोपी को गिरफ्तार करना संभव हो पाया. मामले में बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें-:
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं