विज्ञापन

पहाड़ों पर त्राहिमाम, सड़कों पर जाम... मनाली से लेकर नैनीताल तक रेंगती दिखीं गाड़ियां, 'महाजाम' की तस्वीरें

गर्मी से बचने के लिए मनाली, शिमला और मसूरी जैसे हिल स्टेशनों पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है. भारी भीड़ के चलते पहाड़ों पर 'महाजाम' की स्थिति पैदा हो रही है.

Manali Traffic: मनाली में भीषण जाम, पहाड़ों के रास्ते हुए चोक
  • पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भीषण गर्मी के कारण भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है
  • मनाली में राष्ट्रीय राजमार्ग, अटल टनल मार्ग और माल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं
  • पर्यटन सीजन और वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ ने सड़क और पार्किंग व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है

उत्तर भारत के राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी का सितम जारी है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पहाड़ों की ओर उमड़ रहे हैं. ऐसे में मनाली समेत हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में गाड़ियों की लगी लंबी कतारें देखने को मिल रही है. पहाड़ों पर इन दिनों 'महाजाम' की स्थिति देखने को मिल रही है. हालत यह है कि पहाड़ों पर वाहन भारी ट्रैफिक की वजह से रेंगते हुए नजर आ रहे हैं. हिमाचल के साथ-साथ उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों पर भी जाम की स्थिति देखने को मिल रही है.

घंटों तक रेंगते दिखे वाहन

मनाली में पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचते ही रविवार को भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली. सुबह से ही चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मनाली शहर, अटल टनल मार्ग, माल रोड, वशिष्ठ, सोलंगनाला और पलचान क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

बताया जा रहा है कि वीकेंड और छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे हैं. हजारों वाहनों के एक साथ पहुंचने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में आ गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में पर्यटन का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सड़क और पार्किंग व्यवस्था उसी अनुपात में विकसित नहीं हो पाई है.

सबसे अधिक परेशानी मनाली से सोलंगनाला और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्ग पर देखने को मिली. पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें पलचान से लेकर सोलंग तक लगी रहीं. कई पर्यटक वाहन चालक सड़क किनारे घंटों फंसे रहे. जाम के कारण स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

Latest and Breaking News on NDTV

मनाली शहर में भी भारी भीड़

माल रोड और मनाली बस स्टैंड के आसपास भी स्थिति बेहद खराब रही. बाजारों में अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात कई बार पूरी तरह बाधित होता रहा. पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों का कहना है कि पर्यटन कारोबार के लिए पर्यटकों का आना शुभ संकेत है, लेकिन यदि ट्रैफिक प्रबंधन समय रहते नहीं सुधारा गया तो इससे मनाली की छवि प्रभावित हो सकती है. लोगों ने प्रशासन से पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाने, शटल सेवा शुरू करने और शहर में वाहनों की एंट्री को नियंत्रित करने की मांग उठाई है.

उधर प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्यटक अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग कम करें तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करें. पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके.

Latest and Breaking News on NDTV

उत्तराखंड के नैनीताल और कैची धाम के भी रास्ते ब्लॉक

हिमाचल के साथ साथ उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों का भी यही हाल है. यहां भी वीकेंड पर भीषण जाम की स्थिति रही. नैनीताल जिले में स्थित कैची धाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी. इसकी वजह से कैंची धाम से निगलाट तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया. इसके अलावा भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं.

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु का ट्रैफिक: 4 KM के लिए Google इंजीनियर को लगे 45 मिनट, VIDEO वायरल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Traffic In Manali, Hill Station Traffic, Jam In Hill Station, Traffic Police, Traffic Jam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com