- झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार इलाके में हथियारबंद अपराधियों ने यूको बैंक पर धावा बोलकर अफरा-तफरी मचा दी
- बदमाशों ने बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए, जिससे बैंक में दहशत फैल गई
- बैंक से करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात और लाखों रुपये नकद चोरी होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है
झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार इलाके में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हथियारों से लैस अपराधियों ने यूको बैंक में धावा बोल दिया. बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार करीब आधा दर्जन बदमाश बैंक पहुंचे और अंदर घुसते ही कर्मचारियों व ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. अचानक हुई इस वारदात से बैंक में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.
कर्मचारियों और ग्राहकों को बनाया बंधक
अपराधियों ने हथियारों के दम पर बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया. इसके बाद बदमाशों ने बैंक में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया. यही नहीं बैंक आए दो ग्राहकों से भी नकद रकम लूट ली गई. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर और सुरक्षित रखे गए जेवरात भी अपने कब्जे में ले लिए.
करोड़ों के जेवरात और लाखों की नगदी ले गए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश बैंक में जमा करोड़ों रुपये मूल्य के जेवरात और लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हुए हैं. हालांकि लूटी गई कुल रकम और जेवरों की वास्तविक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है. इस बड़ी डकैती के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस ने शुरू की बड़ी जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. मामले की सूचना गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को भी दी गई. इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
सीसीटीवी फुटेज से लेकर भागने के रास्तों तक जांच
पुलिस बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों और घटना के समय मौजूद ग्राहकों से पूछताछ कर रही है. बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. एसपी के निर्देश पर जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. सभी थानों को अलर्ट कर वाहन जांच तेज कर दी गई है. जिस दिशा में बदमाश भागे थे वहां पुलिस की अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं. पुलिस का दावा है कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें | महिला बैंक मैनेजर की बहादुरी, एटीएम लूटने आए बदमाशों को पकड़वाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं