विज्ञापन

चतरा में कुकर्म के आरोप के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, POCSO और मॉब लिंचिंग दोनों एंगल की जांच

झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद ग्रामीणों ने एक युवक की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस POCSO मामले और भीड़ हिंसा दोनों की अलग-अलग जांच कर रही है.

चतरा में कुकर्म के आरोप के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या, POCSO और मॉब लिंचिंग दोनों एंगल की जांच
नाबालिग छात्रा की शिकायत के बाद गांव में फूटा गुस्सा, आरोपी की पीट-पीटकर हत्या

चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव स्थित मगहिया टोला में नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद ग्रामीणों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 25 वर्षीय मो. एमरोज के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में एक ओर नाबालिग से जुड़े यौन अपराध की जांच शुरू की है, वहीं दूसरी ओर भीड़ हिंसा में हुई मौत की भी अलग से जांच कर रही है. तनाव को देखते हुए मगहिया टोला पुलिस छावनी बन गया है.

क्या है मामला?

ग्रामीणों के अनुसार रविवार रात्रि 10 बजे युवक ने नाबालिग बच्ची का अपहरण कर लिया था, अपहरण के बाद आरोपी ने नाबालिग को दो दिनों तक अपने घर में बंधक बनाए रखा और उसके साथ जबरन कुकर्म करता रहा. इस दौरान परिजनों ने नाबालिक की काफी खोजबीन की पर वह नहीं मिली, बताया जाता है कि आरोपी के घर वालों से भी नाबालिक छात्रा की पूछताछ गई थी, पर किसी ने कुछ नहीं बताया था.

मंगलवार की सुबह करीब दो बजे छात्रा अचानक अपने घर पहुंची, जहां उसने पुरे घटनाक्रम से परिजनों को अवगत कराया. बच्ची ने बताया कि आरोपी द्वारा किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है.

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए. जिसके बाद सैकड़ो की संख्या में ग्रामीणों ने मो. एमरोज के घर को घेर लिया, जिसके बाद वह घर से भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने पकड़ लिया व जमकर पिटाई कर दी.

मृतक के पिता को भी खम्भे में बांधकर पीटा

इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच कर युवक को घायल अवस्था में ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया. मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. जिसे स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद हज़ारीबाग बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. भीड़ ने मृतक के पिता को भी खम्भे में बांधकर पीटा. घटना में मृतक का पिता सुल्तान मियां भी घायल हुआ है. 

आमने-सामने हैं दोनों परिवारों के घर, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों का कहना है कि छात्रा छठवीं कक्षा में पढ़ती है और आरोपी का घर उसके घर के ठीक सामने है. आरोप है कि छात्रा के लापता रहने के दौरान परिजन लगातार उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. छात्रा के घर लौटकर घटना बताने के बाद गांव में तनाव फैल गया और देखते ही देखते भीड़ हिंसक हो उठी. इधर घटना के बाद पूरे मगहिया टोला में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. उधर, मृतक के परिजनों ने भीड़ में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है.

यौन उत्पीड़न की शिकायत मिली है, मेडिकल जांच कराई जा रही : एसडीपीओ

टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि नाबालिग ने पूछताछ के दौरान यौन उत्पीड़न की शिकायत की है. उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवक की मौत भीड़ द्वारा की गई मारपीट के कारण हुई है, इसलिए इस मामले में भी दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया है कि नाबालिग से जुड़े मामले की जांच पॉक्सो अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जा रही है. साथ ही, भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेकर की गई हिंसा की भी निष्पक्ष जांच हो रही है. मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें : इकलौते बेटे और पोतों ने पीट-पीटकर मां को मार डाला, मौत से पहले तड़पते हुए छलका बुजुर्ग मां का दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chatra News, Mob Lynching, POCSO Case, Jharkhand Crime News, Minor Assault Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com