विज्ञापन

शादी का कार्ड छपवाने जा रहे भाई-बहन को हाईवा ने रौंदा, प्रशासन ने दिलाया 12 लाख का मुआवजा और मां को नौकरी

चतरा के सिमरिया में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद उपजा गुस्सा प्रशासन की सूझबूझ से शांत हो गया है. रेलवे कंपनी ने पीड़ित परिवार को 12 लाख रुपये की मदद और मां को नौकरी देने का वादा किया है, जिसके बाद सड़क से जाम खुल गया है. पढ़ें सूर्यकांत कमल की यह रिपोर्ट.

शादी का कार्ड छपवाने जा रहे भाई-बहन को हाईवा ने रौंदा, प्रशासन ने दिलाया 12 लाख का मुआवजा और मां को नौकरी
सिमरिया सड़क हादसे के बाद जाम खत्म, परिजनों को मिली 12 लाख की सहायता.
NDTV Reporter

Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक ऐसी घटना घटी जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. मुर्वे स्टेडियम के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो भाई-बहनों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में भाई चंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन नेहा कुमारी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है. ये दोनों घर में आने वाली शादी की तैयारियों के लिए कार्ड छपवाने सिमरिया जा रहे थे.

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी, जिससे देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई. स्थिति तनावपूर्ण होती देख सिमरिया अंचलाधिकारी (सीओ) गौरव कुमार और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने का भरोसा दिया.

12 लाख की मदद और नौकरी पर बनी सहमति

प्रशासनिक दखल के बाद रेलवे कंपनी ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए. समझौते के तहत मृतक चंदन के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल बहन नेहा के बेहतर इलाज के लिए 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि दी गई. कुल 12 लाख रुपये की आर्थिक मदद के साथ-साथ प्रशासन ने एक और बड़ा मानवीय फैसला लिया. रेलवे कंपनी ने मृतक की मां को भविष्य में आर्थिक सहारा देने के लिए नौकरी देने पर भी लिखित सहमति जताई है.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, इलाज जारी

मदद का भरोसा मिलने और कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सका. सिमरिया पुलिस ने चंदन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. दूसरी ओर, घायल नेहा कुमारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

ये भी पढ़ें:- गिरिडीह में 13 साल की मासूम को 35 साल के दरिंदे ने बनाया शिकार, 4 माह की गर्भवती हुई मासूम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Simaria Chatra Road Accident, Jharkhand News In Hindi, Simaria-Tandwa Road Blockade Cleared, Compensation For Accident Victims Chatra, Highwa Accident Simaria Murve Stadium
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com