चैत्र नवरात्र के साथ ही माता के भक्तों की मां वैष्णो देवी की यात्रा बढ़ जाती है. काफी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी की यात्रा पर निकल पड़ते हैं. ऐसे में चैत्र नवरात्र को देखते हुए त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. इस बात की जानकारी बुधवार (18 मार्च) को अधिकारी ने दी है. बता दें, 19 मार्च से चैत्र नवरात्र प्रारंभ होने वाला है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं का जत्था मंदिर पहुंचेगा. बोर्ड ने दिव्यांग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देते हुए मुफ्त कार सेवा जैसी सुविधा देने जा रही है.
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि 9 दिवसीय त्योहार से पहले भवन और आसपास के परिसर सहित पूरे मंदिर क्षेत्र को फूलों से सजाया गया है. उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ के मंदिर में आने की उम्मीद है.
15 लाख पहुंच चुकी है तीर्थ यात्रियों की संख्या
सचिन कुमार वैश्य ने तीर्थ यात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा में पत्रकारों को बताया कि श्राइन बोर्ड ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्था की है. इस साल तीर्थ यात्रियों की संख्या 15 लाख तक पहुंच गई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और भी बढ़ेगी. सीईओ ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), जम्मू कश्मीर पुलिस, श्राइन बोर्ड के सुरक्षा कर्मचारियों और सेना के जवानों के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है. जिससे किसी भी श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं होगी.
24 घंटे CCTV से होगी निगरानी
उन्होंने कहा कि एक एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र 24 घंटे कार्यरत है और स्थिति पर निरंतर नजर रखने के लिए उच्च तकनीक वाले CCTV कैमरे लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कहा विभिन्न स्थानों पर आठ 'क्या मैं आपकी सहायता कर सकता हूं' डेस्क स्थापित किए गए हैं.
दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी फ्री कार सेवा
सीईओ ने बताया कि दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. उन्हें यात्रा में प्राथमिकता दी जाएगी और पिछले वर्षों की तरह उन्हें मुफ्त बैटरी कार सेवा और टट्टू सेवा प्रदान की जाएगी. वैश्य ने बताया कि इस वर्ष कुछ नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं, जैसे ध्यान के लिए साधना कक्ष और हवन के लिए यज्ञशाला जैसी सुविधा होगी.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं