विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2020

COVID-19 : शादी में अब 50 मेहमानों के साथ बैंड, घोड़ीवाले और हज्जाम को भी हरी झंडी

देश में COVID-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में बुधवार को इस महामारी का प्रकोप शुरू हुए तीन महीने पूरे हो गए. इस बीच, प्रशासन ने छूट का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग गतिविधियों को मंजूरी दी है.

COVID-19 : शादी में अब 50 मेहमानों के साथ बैंड, घोड़ीवाले और हज्जाम को भी हरी झंडी
प्रतीकात्मक तस्वीर.
  • इंदौर में बुधवार को इस महामारी का प्रकोप शुरू हुए तीन महीने पूरे हो गए
  • देश में COVID-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल रहा इंदौर
  • प्रशासन ने छूट का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग गतिविधियों को मंजूरी दी
इंदौर:

देश में COVID-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में बुधवार को इस महामारी का प्रकोप शुरू हुए तीन महीने पूरे हो गए. इस बीच, प्रशासन ने छूट का दायरा बढ़ाते हुए अलग-अलग गतिविधियों को मंजूरी दी है. इसमें विवाह समारोह में वर-वधू पक्ष के मेहमानों की तय तादाद 12 से बढ़ाकर 50 किया जाना शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब शादी-ब्याह के आयोजन के लिये प्रशासन की पूर्व अनुमति की दरकार भी नहीं है. विवाह समारोह में 50 मेहमानों के साथ ही बैंड, घोड़ीवाले और हज्जाम समेत 10 सेवाप्रदाताओं को भी बुलाया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि प्रशासन ने आम लोगों की मांग पर विवाह समारोह में ये छूटें दी हैं. लेकिन विवाह समारोह के आयोजकों को COVID-19 से बचाव के तमाम इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे.

प्रशासन ने इंदौर के लोगों के सबसे पसंदीदा नाश्ते पोहे के साथ चाय की दुकानों को सुबह छह से 10 के बीच केवल चार घंटे के लिये मंजूरी दी है. इसके बाद बुधवार को इन दुकानों पर खान-पान के शौकीनों की भीड़ देखी गयी. COVID-19 के प्रकोप के मद्देनजर सामाजिक, वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्रों में लागू पाबंदियों में प्रशासन के लगातार ढील दिए जाने से जिले में आम जन-जीवन तेजी से पटरी पर लौटता दिखायी दे रहा है. हालांकि, इस महामारी का फैलना भी जारी है.

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान COVID-19 के 34 नए मामले मिले हैं. इससे जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 4,427 से बढ़कर 4,461 हो गयी है. सीएमएचओ ने यह भी बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान 70 वर्षीय पुरुष समेत चार और मरीजों की मौत हो गयी. नतीजतन इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की कुल तादाद बढ़कर 207 पर पहुंच गयी है. वहीं, 3,290 लोग इलाज के बाद इसके संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं. जिले में COVID-19 के प्रकोप की शुरूआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी.

VIDEO: Lockdown के बाद हुई गुरुद्वारे में पहली शादी

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coronavirus Update, Wedding In Corona Era, Coronavirus Lockdown
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com