- आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी को येलेहंका पैलेस जाने से बेंगलुरु पुलिस ने रोक दिया
- पुलिस ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए शर्मिला को संपत्ति के कब्जे में दखल देने से मना किया
- येलेहंका पैलेस को लेकर वाईएस शर्मिला और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के बीच विवाद लंबे समय से जारी
आंध्र प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर वाईएस परिवार का आपसी विवाद सुर्खियों में है. आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला रेड्डी को रविवार शाम बेंगलुरु में पुलिस ने येलेहंका पैलेस जाने से रोक दिया. शर्मिला अपनी बेटी अंजिली रेड्डी की शादी से जुड़ी तैयारियों के सिलसिले में पैलेस की ओर जा रही थीं. लेकिन एयरफोर्स क्रॉस के पास पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी.
पुलिस ने कार्रवाई के पीछे अदालत के उस आदेश का हवाला दिया, जिसमें विवादित संपत्ति के कब्जे में हस्तक्षेप करने से रोक लगाई गई है. पुलिस के मुताबिक, अदालत के आदेश के तहत शर्मिला को येलेहंका स्थित संपत्ति के कब्जे में दखल देने की अनुमति नहीं है.
येलेहंका पैलेस को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद
येलेहंका पैलेस को लेकर शर्मिला और उनके भाई वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के प्रमुख तथा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के बीच विवाद चल रहा है. दोनों भाई-बहन के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से मतभेद सामने आते रहे हैं. अब यह पारिवारिक विवाद सार्वजनिक रूप से राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है.

बेटी की शादी का वेन्यू भी बदलना पड़ा
इस संपत्ति विवाद का असर शर्मिला की बेटी अंजिली रेड्डी की शादी की तैयारियों पर भी पड़ा है. शर्मिला ने शुरुआत में 25 नवंबर को येलेहंका पैलेस में बेटी की शादी आयोजित करने की योजना बनाई थी. हालांकि, जगन मोहन रेड्डी की आपत्तियों के बाद शादी का वेन्यू बदलना पड़ा.
ये भी पढ़ें:- स्टालिन के बाद अब जगन का बदला रुख, सरकार के लिए मुश्किल होती विशेष सत्र की राह
रविवार को बेंगलुरु पहुंचने के बाद शर्मिला एक बार फिर पैलेस की ओर बढ़ीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें अदालत के आदेश का हवाला देते हुए रोक दिया. इस घटनाक्रम ने वाईएस परिवार के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर सामने ला दिया है. फिलहाल, संपत्ति विवाद के बीच बेटी की शादी के आयोजन स्थल को लेकर भी परिवार में सहमति नहीं बन पाई है.

ये भी पढ़ें:- राजमहल पैलेस पर जयपुर राजपरिवार का हक बरकरार, हाईकोर्ट ने सरकार और JDA की अपीलें खारिज कीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं