विज्ञापन
This Article is From Feb 05, 2026

'खच्चर नहीं, जीप ही मिलेगी' कांग्रेस पर हमले के लिए पीएम मोदी ने सुनाया इंदिरा का किस्सा

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का एक किस्सा सुनाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला.

'खच्चर नहीं, जीप ही मिलेगी' कांग्रेस पर हमले के लिए पीएम मोदी ने सुनाया इंदिरा का किस्सा
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर कई बार तंज कसा. पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक भी किस्सा सुनाया, जिसमें उन्होंने योजना आयोग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई थी. पीएम मोदी ने इंदिरा गांधी के एक भाषण का हवाला देते हुए कहा कि वह खुद जानती थीं कि योजना आयोग सही तरीके से काम नहीं कर रहा है लेकिन उन्होंने इसे सुधारने के लिए कोई काम नहीं किया.

इंदिरा गांधी के हवाले से पीएम मोदी ने कहा कि 'हमारे देश की एक नेता हिमाचल प्रदेश के दौरे पर थी. और वहां से आने के बाद उन्होंने खुद ने एक घटना कहीं सुनाई. रिकॉर्ड पर है. उन्होंने कहा काफी लंबे समय तक मुझे योजना आयोग से संघर्ष करना पड़ा क्योंकि वो पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलग योजनाएं बनाने के लिए तैयार ही नहीं थे. मैं हिमाचल गई थी, जब मैं वापस आई तो मैंने योजना आयोग से कहा कि हमारे कामदारों को वर्कर्स को, जीप की जरूरत नहीं है, बल्कि खच्चरों की जरूरत है. ताकि उन पर सामान लादा जा सके.'

पीएम मोदी ने कहा कि 'आगे उन्होंने कहा कि लेकिन मुझे बताया गया कि हम पैसा तो जीप के लिए ही देंगे क्योंकि खच्चरों के लिए पैसे देने की पॉलिसी नहीं है. आगे वो कहती हैं कि जब वहां सड़कें नहीं थी. तो फिर उस पर जीप का क्या लाभ हो सकता है. लेकिन उस समय योजना आयोग का जोर था या तो जीप या तो कुछ भी नहीं.'

उन्होंने कहा कि 'ये भाषण किसी और का नहीं, ये कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी का भाषण है. कांग्रेस के लंबे शासनकाल में यही कार्यशैली रही है. और जिसको इंदिरा जी खुद जानती भी थी कि ये पाप चल रहा है, लेकिन इसे सुधारने के लिए उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया. और इंदिरा गांधी जिस प्लानिंग कमीशन की धज्जियां उड़ा रही थीं, उसके जन्मदाता उनके स्वयं के पिताजी थे.'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्लानिंग कमीशन को बने और जब इंदिरा गांधी जी ने ये बात कही तो दो दशक बीत चुके थे और 2014 तक सब इससे परेशान थे लेकिन सुधार किसी ने नहीं किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने योजना आयोग की अटकाना, लटकाना, भटकाना वाली कार्यशैली बना दी थी तो हमने योजना आयोग को खत्म कर दिया और नीति आयोग बनाया. आज नीति आयोग बहुत तेज गति से काम कर रहा है.

रिमोट से चलती है मेरी सरकार: मोदी

संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरी सरकार भी रिमोट से चलती है. पीएम मोदी ने कहा कि इनकी सरकार रिमोट से चलती थी. मेरी सरकार भी रिमोट से चलती है, लेकिन 140 करोड़ देशवासी मेरा रिमोट हैं. सत्ता हमारे लिए सुख नहीं सेवा का आसन है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, PM Modi In Rajya Sabha, PM Modi Address In Rajya Sabha, Rajya Sabha, Parliament Budget Session
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com