- जंतर-मंतर प्रदर्शन पर सियासी संग्राम तेज
- AAP नेताओं ने उठाए पुलिस कार्रवाई पर सवाल
- ‘हम अहिंसा और संविधान में विश्वास करते हैं’, सौरभ भारद्वाज का संदेश
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं और कई लोगों को हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में ‘काला आपातकाल' जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है. AAP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल, दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने अलग-अलग बयान जारी कर कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को दबाने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए जा रहे हैं.
सौरभ भारद्वाज का आरोप, ‘केजरीवाल का घर किले में बदला'
AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के आवास को दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह घेर लिया है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल जी के घर को दिल्ली पुलिस ने किले में बदल दिया है. देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया गया है.'
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल जी के घर को दिल्ली पुलिस ने किले में बदल दिया है। देश में अघोषित आपातकाल लागू कर दिया गया है। https://t.co/DfZKaxJWau
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) October 10, 2026
एक अन्य पोस्ट में भारद्वाज ने दावा किया कि 'दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय पार्टी AAP के राष्ट्रीय कार्यालय को किया गया सील.'
दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय पार्टी AAP के राष्ट्रीय कार्यालय को किया गया सील। https://t.co/E6TBBAgVjj
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) October 10, 2026
केजरीवाल का केंद्र सरकार पर सीधा हमला
AAP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा हालात आपातकाल से भी बदतर हैं. केजरीवाल ने लिखा, 'यह आपातकाल से भी बदतर है. यह अब आधिकारिक हो चुका है... हम मोदी के शासन वाली पूर्ण तानाशाही के तहत जी रहे हैं. लोगों को उनकी उड़ान से उतरते ही गिरफ्तार किया जाना अभूतपूर्व स्तर के डर को दर्शाता है. प्रधानमंत्री मोदी अच्छी तरह जानते हैं कि उन्होंने चुनाव केवल वोट चोरी के जरिए जीता था और अब वह लोकतंत्र को पूरी तरह कुचलकर इस कथित धोखाधड़ी को बचाने पर आमादा हैं. ज्ञानेश को जाना ही होगा, लेकिन मोदी को भी जाना होगा.'
This is worse than the Emergency. It's official.. we are living under an absolute dictatorship ruled by Modi. Arresting cockroaches straight off their flight shows an unprecedented level of fear. PM Modi clearly knows he only won the election through vote chori and now he is hell-bent on protecting his fraud by completely crushing democracy. Gyanesh must go, but so must Modi.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 10, 2026
गोपाल राय बोले- दिल्ली को छावनी बना दिया
AAP विधायक गोपाल राय ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग के बजाय सरकार ने पूरे देश में ‘काला आपातकाल' लागू कर दिया है. उन्होंने कहा, 'मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय केंद्र सरकार ने देश में काला आपातकाल लगा दिया है. आज कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को छावनी में बदल दिया है. लेकिन याद रखिए, आप चाहे जितनी भी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा.' राय ने यह भी आरोप लगाया कि एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन बंद किए गए और ट्रेनों के संचालन पर असर डाला गया.
‘युवाओं की आवाज नहीं दबा सकते'
सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन भारी सुरक्षा व्यवस्था के जरिए डर का माहौल बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा, 'आप ताकत के दम पर ‘जेन-जी' को चुप नहीं करा सकते. ये हमारे युवा हैं. इनसे बात कीजिए और इन्हें साथ लेकर चलिए. भाजपा सरकार दिखाना चाहती है कि हम डरे हुए हैं. हम डरे हुए नहीं हैं. हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास करते हैं.'
प्रदर्शन को लेकर बढ़ा राजनीतिक तापमान
कॉजपा के प्रदर्शन से पहले हुई हिरासत की कार्रवाई और सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. AAP जहां इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रही है, वहीं प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजामों को आवश्यक बता रहा है. दिल्ली की राजनीति में इस मुद्दे ने नया विवाद खड़ा कर दिया है.
यह भी पढ़ें : अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका से बात करेगी दिल्ली पुलिस, नहीं माने तो हिरासत में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं