- बीते दिनों शरद पवार ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की, जिसके बाद उनके NDA में जाने की चर्चा तेज हुई है.
- इस बीच बीजेपी की ओर स्पष्ट संदेश दिया गया है. जिसमें मंत्री पद का ऑफर तक दिया गया है.
- बीजेपी का संदेश है कि एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय होकर ही एनडीए में शामिल होने की संभावना है.
NCP Sharad Pawar Politics: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के NDA में शामिल होने की चर्चाओं से महाराष्ट्र की सियासत गरमाई हुई है. बीते दिनों शरद पवार ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की, जिसके बाद यह चर्चा तेज हुई है. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चौहान ने कहा कि शरद पवार और एकनाथ शिंदे की मुलाकात अचानक नहीं थी, पहले से सब तय था. सरकार के लोगों ने मुझे बताया है कि शरद पवार के सांसदों को तोड़ने की कोशिश हो रही है, यही नहीं कांग्रेस के सांसदों को भी तोड़ने की कोशिश हो रही है. हालांकि एनसीपी विधायक रोहित पवार ने एनडीए में जाने की चर्चाओं को खारिज किया है. लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए कोई कुछ नहीं कह सकता.
बीजेपी का क्लियर मैसेज- पहले दोनों दलों का विलय जरूरी
शरद पवार गुट के एनडीए में शामिल होने की अटकलों के बीच बीजेपी की ओर स्पष्ट संदेश दिया गया है. बीजेपी का संदेश है कि एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय होकर ही एनडीए में शामिल होने की संभावना है. बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार एनसीपी शरद पवार को अलग से एनडीए में लेने के बजाय दोनों धड़ों के विलय पर जोर दे रही है.
NCP के दोनों धड़ों का विलय हुआ तो दोनों धड़ों से एक-एक मंत्री पद
परिसीमन बिल पर एनसीपी शरद पवार के नरम रुख़ और समर्थन की संभावना के बीच बीजेपी ने यह स्पष्ट किया है. इसका मतलब है कि शरद पवार गुट का बीजेपी में भी विलय नहीं होगा. एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय हो तो दोनों धड़ों से एक-एक मंत्री पद बाद में दिया जा सकता है. उल्लेखनीय हो कि एनसीपी एसपी के आठ लोक सभा और एक राज्य सभा सांसद हैं.
परिसीमन बिल पास कराने के लिए शरद पवार का साथ जरूरी
परिसीमन बिल पारित कराने के लिए इन नौ सांसदों का समर्थन बेहद महत्वपूर्ण है. लेकिन एनसीपी एसपी के एनडीए को समर्थन की अटकलों से सुनेत्रा पवार असहज बताई जा रही हैं. हाल में शरद पवार की एकनाथ शिंदे से मुलाकात के बाद अटकलों ने जोर पकड़ा है. अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा लेकिन शरद पवार अगला फैसला क्या लेंगे, इस पर सबकी नजर है.
यह भी पढे़ं - क्या पलटी मारेंगे शरद पवार? एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं से मची हलचल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं