- सोमवार को दिल्ली में NCP सांसद सुप्रिया सुले की बेटी का रिसेप्शन था.
- इसमें पीएम मोदी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सहित कई नेता मौजूद थे.
- इसी दौरान पीएम मोदी और प्रियंका गांधी की बातचीत के बीच खरगे की एंट्री से माहौल खुशनुमा हो गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बीच बातचीत हो रही है. सामान्य हालचाल से जुड़ी इस बातचीत के बीच कुछ ऐसा हुआ, जो सामान्य तौर पर बहुत विरले होता है. दरअसल मौका था सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन का. दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी नेता शामिल हुए. पीएम मोदी, अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी के साथ-साथ अन्य नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए. इसी दौरान प्रियंका गांधी और पीएम मोदी की बातचीत के दौरान एक अलग भी मौका बना. जब प्रियंका के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा, मैं वैसे ही हूं. लेकिन तभी उन्हें टोकते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बोले- थोड़ा बदल गए हो आप. इसके बाद पीएम मोदी सहित वहां मौजूद सभी नेता मुस्कुराने लगे.
राहुल से हाथ मिलाया, प्रियंका से पूछे PM- कैसी हैं आप?
मालूम हो कि सोमवार को दिल्ली में NCP सांसद सुप्रिया सुले की बेटी का रिसेप्शन था. इसमें पीएम मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया और कांग्रेस नेता ने भी हाथ मिलाया. इसके बाद प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर प्रियंका गांधी का अभिवादन किया.
प्रधानमंत्री ने प्रियंका गांधी से पूछा, 'प्रियंका जी, कैसी हैं आप?'
प्रियंका ने जवाब दिया, 'अच्छी हूं, आप कैसे हैं?'
प्रधानमंत्री ने आगे बढ़ते हुए कहा, "मैं वैसा ही हूं."
तभी वहीं मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीच में कहा- "वैसे नहीं है, थोड़े बदल गए हैं आप."
खरगे की इस बात पर पीएम मोदी हंसे और खरगे के हाथ थपथपाते हुए बोले-अच्छा?"
6 जनपथ पर सुप्रिया सुले की बेटी का हुआ रिस्पेशन
अक्सर एक-दूसरे की आलोचना करने वाले विरोधी नेताओं के बीच यह हंसी-मजाक देख वहां मौजूद दूसरे नेता भी मुस्कुराने लगे. उल्लेखनीय हो कि दिल्ली के 6 जनपथ पर हुए इस हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन में नागपुर के उद्योगपति सारंग लखानी के साथ रेवती सुले की शादी का जश्न मनाया गया. इस जोड़े ने जून में मुंबई में शादी की थी और दिल्ली में यह शानदार रिसेप्शन आयोजित किया गया था.
अमित शाह, एस जयशंकर सहित कई नेता हुए शामिल
इस रिसेप्शन में कई बड़े राजनेता शामिल हुए थे. जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तैर रही है. इस हाई-प्रोफाइल रिसेप्शन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह, एस जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत, रामदास अठावले और चिराग पासवान सहित कई बड़े नेता शामिल थे.
यह भी पढ़ें - शाह आए, सोनिया-राहुल और प्रियंका भी दिखे... सुप्रिया सुले की बेटी के रिसेप्शन पर कौन-कौन आया?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं