- पंजाब के खरड़ इलाके में NCBऔर चंडीगढ़ पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े आइस ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया
- दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर 793 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 10 ग्राम हेरोइन और 250 ग्राम पोस्ता भूसा जब्त किया गया
- मेथम्फेटामाइन जिसे आइस ड्रग कहा जाता है, NDPS एक्ट के तहत तय कमर्शियल मात्रा से 16 गुना अधिक मिला है
पंजाब में पाकिस्तान से जुड़े 'आइस' ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. यह एक्शन NCB ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर किया. एनसीबी की टीम ने पंजाब के खरड़ इलाके में छापेमारी की. इस दौरान ड्रग तस्करी के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ. इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान स्थित ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हैं. एनसीबी ने 2 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा मौके से 793 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 10 ग्राम हेरोइन और 250 ग्राम पोस्ता भूसा (poppy straw) ज़ब्त किया गया.
क्या होता है 'आइस' ड्रग?
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने इस ड्रग सिंडिकेट में सबसे ज्यादा मात्रा में 'आइस' ड्रग बरामद किया है. दरसअल मेथम्फेटामाइन (Methamphetamine) को ही 'आइस' ड्रग कहते हैं. एनसीबी की कार्रवाई में यह ड्रग NDPS एक्ट के तहत तय कमर्शियल मात्रा से लगभग 16 गुना ज्यादा मिला है. इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है.
इस ड्रग का कैमिकल नाम मेथम्फेटामाइन है. इसे 'मेथ' भी कहा जाता है. यह ड्रग कांच के टुकड़ों या चमकदार सफेद बर्फ की तरह दिखता है, इसलिए इसका नाम 'आइस' पड़ा. यह ड्रग बेहद खतरनाक माना जाता है. यह सीधा इंसानी दिमाग और सेंट्रल नर्वस सिस्टम पर हमला करता है, जिससे इंसान को तुरंत एक फेक'हाई' मिलता है. यह हेरोइन और गांजे से कई गुना ज्यादा खतरनाक है, क्योंकि इसकी पहली या दूसरी खुराक ही इंसान को इसका परमानेंट आदी बना देती है.
NCB ने कैसे किया सिंडिकेट का पर्दाफाश?
पुलिस और एनसीबी की टीम ने एक गाड़ी की तलाशी ली थी. तलाशी के दौरान, NCB अधिकारियों ने 93 ग्राम मेथम्फेटामाइन (आइस) और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की. गाड़ी चलाने वाले आरोपी ने खुद को पेशे से वकील बताया. इसके बाद पंजाब के खरड़ में स्थित एक फ्लैट की तलाशी ली गई, जहां से 700 ग्राम मेथम्फेटामाइन और 250 ग्राम पोस्ता भूसा (poppy straw) बरामद हुआ.
इस तरह कुल मिलाकर 793 ग्राम मेथम्फेटामाइन, 10 ग्राम हेरोइन और 250 ग्राम पोस्ता भूसा जब्त किया गया. आरोपी के साथ रह रही एक महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: लश्कर-ए-तैयबा के नार्को-टेरर मॉड्यूल पर शिकंजा; अमृतसर में NIA ने जब्त की बड़ी संपत्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं