- NIA ने पंजाब के अमृतसर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े मकान को आतंकवाद से प्राप्त संपत्ति मानकर जब्त किया.
- जब्त मकान अंकुश कपूर के पिता के नाम पर था जो अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का महत्वपूर्ण सदस्य था.
- जांच में पता चला कि अंकुश कपूर ड्रग तस्करी और आतंकवादी फंडिंग के लिए इस नेटवर्क का सक्रिय हिस्सा था.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब के अमृतसर में एक मकान को अटैच कर लिया है. NIA के मुताबिक यह संपत्ति आतंकवाद से जुड़े फंड और गतिविधियों से हासिल की गई थी. NIA ने अमृतसर के होली सिटी, होली एन्क्लेव फेज-1 स्थित मकान नंबर 33 को जब्त किया है. यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 25(1) के तहत की गई है. एजेंसी ने इसे आतंकवाद से प्राप्त संपत्ति के तौर पर चिन्हित किया है.
बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग और आतंक नेटवर्क का अहम हिस्सा था
NIA के अनुसार यह कार्रवाई गुजरात के सलाया ड्रग सीजर केस से जुड़े मामले में की गई है. जांच में सामने आया कि यह संपत्ति नार्को-टेरर नेटवर्क के अहम सदस्य अंकुश कपूर से जुड़ी हुई थी. जांच एजेंसी के मुताबिक, यह मकान अंकुश कपूर के पिता के नाम पर दर्ज था. NIA की जांच में पता चला कि अंकुश कपूर भारत में सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग और आतंक नेटवर्क का अहम हिस्सा था, जिसके तार इटली, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, थाईलैंड, UAE और पाकिस्तान समेत कई देशों तक जुड़े हुए थे.
प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात
NIA ने बताया कि अंकुश कपूर के संबंध दुबई में मौजूद एक आरोपी से सामने आए, जिसके लश्कर-ए-तैयबा जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात जांच में सामने आई. एजेंसी के मुताबिक, अंकुश कपूर का इस्तेमाल इस नेटवर्क में ड्रग्स की तस्करी, उसकी सप्लाई, छिपाने और अलग-अलग जगहों तक पहुंचाने के लिए किया जाता था. इसके अलावा वह ड्रग्स से कमाए गए पैसों को आतंकियों तक पहुंचाने और आतंकवादी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की साजिश में भी शामिल था.
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि नशे के कारोबार से आने वाला पैसा भारत में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने और आतंकी नेटवर्क को आर्थिक मदद देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. इसके लिए एक जटिल अंतरराष्ट्रीय आर्थिक नेटवर्क बनाया गया था. NIA ने पहले ही अंकुश कपूर के खिलाफ आतंकी फंडिंग, आपराधिक साजिश, प्रतिबंधित संगठनों को मदद देने और NDPS एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया है.
इस मामले में अब तक कुल 26 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और जांच अभी जारी है. NIA का कहना है कि यह कार्रवाई आतंकवादियों के आर्थिक और लॉजिस्टिक नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है, ताकि भारत में आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने वाले सभी संसाधनों को खत्म किया जा सके.
ये भी पढ़ें : हम पीछे नहीं हटेंगे, आत्महत्या नहीं करेंगे.. ईरान के साथ डील के बाद इजरायल को किस बात की चिंता?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं