विज्ञापन

रिजल्ट के बीच रणक्षेत्र बना बंगाल, आसनसोल से कोलकाता तक जानें कहां-कहां हुआ बवाल, आगजनी, लाठीचार्ज

आसनसोल में कई इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की खबर है. टीएमसी के कैंप कार्यालय पर जमकर तोड़फोड़ हुई. कई गाड़ियों को भी पलट दिया. पुलिस ने लाठीचार्ज करके हालात काबू किए.

रिजल्ट के बीच रणक्षेत्र बना बंगाल, आसनसोल से कोलकाता तक जानें कहां-कहां हुआ बवाल, आगजनी, लाठीचार्ज

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में वोटों की गिनती के दौरान राज्य में कई जगहों से हिंसा, झड़प और तोड़फोड़ की खबरें आ रही हैं. कई जिलों में बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच टकराव देखने को मिला है. कई जगहों पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा है. आगजनी और तोड़फोड़ भी हुई है. इससे राजनीतिक माहौल गरमा गया है. 

आसनसोल में तोड़फोड़, लाठीचार्ज

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में चुनाव नतीजों के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. अलग-अलग इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी की खबर है. आसनसोल के सेनरेल रोड पर टीएमसी कार्यालय पर बने कैंप में हमला किए जाने की खबर है. हमलावरों ने कैंप में रखी LED स्क्रीन, कुर्सियों और अन्य सामानों में जमकर तोड़फोड़ की. वहां खड़ी कई गाड़ियों को भी पलट दिया. इस घटना में कई तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाठीचार्ज किया और हालात काबू किए. 

बीजेपी और टीएमसी में आरोप प्रत्यारोप

टीएमसी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित तरीके से हमला करने का आरोप लगाया, वहीं बीजेपी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है. पार्टी ने टीएमसी पर ही आरोप लगा दिए. घटना को लेकर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. इसकी वजह से क्षेत्र में तनाव हो गया. 

जमुड़िया में TMC दफ्तर में आगजनी

यहां के जमुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चुरुलिया में भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई है. यहां कार्यालय को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है. वहीं बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भी हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं. यहां तृणमूल के कई कार्यालयों में आग लगा दी गई और कई पार्टी नेताओं के घरों को भी निशाना बनाने की खबर है. इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. 

हावड़ा मैदान सेंटर पर झड़प 

हावड़ा मैदान काउंटिग सेंटर के बाहर भी तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. मामला तूल पकड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करके हालात संभालने पड़े. 

भवानीपुर में भिड़ंत, ममता के घर नारेबाजी 

ममता बनर्जी के चुनाव क्षेत्र भवानीपुर में भी बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई. टीएमसी के कैंप में तोड़फोड़ की खबर है. यहां ममता बनर्जी को बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी टक्कर दे रहे हैं. कोलकाता में ममता बनर्जी के आवास के बाहर कुछ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए. 

कूचबिहार में समर्थक भिड़े, लाठीचार्ज

नॉर्थ 24 परगना जिले में भी उस वक्त अफरातफरी फैल गई, जब कूचबिहार के दिनहाटा में बैरकपुर राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ काउंटिंग सेंटर पर वोटों की गिनती के बीच बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ता भिड़ गए. हालात को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. डीआईजी अंजलि सिंह ने कहा कि हंगामे की वजह से मतगणना में कोई रुकावट नहीं आई. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए हमारे सुरक्षाकर्मी तैयार हैं. 

बांकुरा में भी जमकर हंगामा

बांकुरा में भी वोटों की गिनती के दौरान हंगामा हो गया. बांकुरा यूनिवर्सिटी में बने  काउंटिंग सेंटर में तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई. पुलिस ने बीचबचाव करके मामला संभाला.

देखें- संदेशखाली, आरजी कर, शिक्षक भर्ती... बंगाल के वो कांड जिन्होंने लिख दी ममता सरकार के पतन की पटकथा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com