विज्ञापन

बंगाल को तबाह करने की कोशिश में बीजेपी गंवा देगी देश की सत्ता...चुनावी रैली में सीएम ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल को तबाह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा करने से पार्टी देश में सत्ता गंवा देगी. उन्होंने एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग पर भी भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया.

बंगाल को तबाह करने की कोशिश में बीजेपी गंवा देगी देश की सत्ता...चुनावी रैली में सीएम ममता बनर्जी
CM ममता बनर्जी ने रामनवमी हिंसा पर सरकार को घेरा
  • ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग मतदाता सूची में नाम हटाने के लिए भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है
  • उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को तबाह करने की कोशिश कर रही है जिससे देश में उसकी सत्ता खत्म हो जाएगी
  • रामनवमी हिंसा के दौरान प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की, ममता ने इसका जिम्मेदार भाजपा को ठहराया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल में चुनाव नजदीक आते ही सियासी सरगर्मियां भी बढ़ने लगी है. इस बीच टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल को तबाह करने की कोशिश में भारतीय जनता पार्टी देश में अपनी सत्ता गंवा देगी. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है. ममता बनर्जी ने रानीगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए घोषणा की कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव लगातार चौथी बार जीतने के बाद, वह दिल्ली ‘‘विजय'' के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट करेंगी.

SIR पर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप

उन्होंने कहा, ‘‘अगर राज्य में बीजेपी सत्ता में आती है, तो वे बुलडोजर चलाकर सबको बाहर निकाल देंगे.'' मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बर्धमान जिले के खनन शहर में आयोजित रैली में कहा, ‘‘बंगाल को तबाह करने की कोशिश करके, बीजेपी पूरे देश में अपनी सत्ता खो देगी.'' उन्होंने एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘एक ‘लक्ष्मण रेखा' जरूर होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी तो सभी सीमाएं लांघ रही है.'' मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को चुनौती देते हुए कहा, ‘‘एसआईआर आपकी मौत की घंटी साबित होगा.''

ये भी पढ़ें ; अराजकता और घुसपैठ... BJP ने ममता सरकार के खिलाफ जारी की 14 आरोपों वाली चार्जशीट, अमित शाह ने बोला हमला

रामनवमी हिंसा पर सरकार को घेरा

मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई झड़पों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘मैं निर्वाचित मुख्यमंत्री हूं, लेकिन उन्होंने सारी शक्तियां छीन ली हैं.'' उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में लौटने के बाद हिंसा के जिम्मेदार सभी लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा. चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को तब तनाव फैल गया, जब रामनवमी की शोभायात्राओं के दौरान झड़पें हुईं. इस दौरान कई जगहों से पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की की घटनाओं की खबरें मिलीं.

TMC की उपलब्धियां गिनाईं

पुलिस ने बताया कि प्रभावित जंगीपुर और रघुनाथगंज इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. यह जिक्र करते हुए कि बंगाल में सभी धर्मों, जातियों और जनजातियों के त्योहार समान उत्साह के साथ मनाए जाते हैं, उन्होंने कहा कि धर्म मानवता का प्रतिनिधित्व करता है. बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा अवैध कोयला खदानों से पैसे लेती है और फिर तृणमूल कांग्रेस पर चोर होने का आरोप लगाती है. उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा लूटती है और झूठ बोलती है.'' मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में राज्य में कई विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें स्टील और बिजली संयंत्रों के आधुनिकीकरण की पहल और ग्रीनफील्ड उद्योगों की स्थापना शामिल है.

ये भी पढ़ें ; नक्सलबाड़ी जनसभा में ममता बनर्जी के बयान पर विवाद, चुनाव आयोग ने तलब की रिपोर्ट

मोदी सरकार के वादों पर सवाल

उन्होंने दावा किया, ‘‘इसके विपरीत, चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स-जो मेरे रेल मंत्री रहते समय खूब फूल-फल रहा था-अब बदहाल स्थिति में है.'' बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में बेरोजगारी को 40 प्रतिशत तक कम किया है और ‘‘पूरे राज्य में रोजगार के दो करोड़ नए अवसर पैदा किए हैं.'' मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर, केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के 2014 के अपने वादे को अभी तक पूरा नहीं किया है. उन्होंने राज्य के लिए कोष आवंटन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला, और दावा किया कि पिछले 5 साल में 100 दिन की रोजगार गारंटी योजना, आवास और सड़कों सहित कई परियोजनाओं के लिए केंद्र से मिलने वाली राशि पूरी तरह से बंद हो गई है.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com