विज्ञापन
This Article is From May 30, 2025

कर्नाटक में बारिश ने तोड़ा 125 साल का रिकॉर्ड, केरल भी लबालब, अब इन राज्यों के लिए IMD की चेतावनी जारी

Weather Update: दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक, केरल में बारिश से भारी तबाही मची है. कर्नाटक में तो बारिश ने 125 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. इधर IMD के पूर्वानुमान में कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

Karnataka Rain: कर्नाटक में भारी बारिश के बाद घर में घुसा पानी.

Weather Update: मानसून की एंट्री के साथ ही दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर जारी है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में भारी बारिश से जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. लोगों को जान-माल का भी भारी नुकसान हुआ है.  कर्नाटक में तो बारिश ने गजब ही कर दिया है. यहां बारिश ने 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. कर्नाटक में 125 साल के इतिहास में पहली बार मई में इतनी अधिक बारिश हुई है.

कर्नाटक सीएम बोले- 125 साल में मई में पहली बार इतनी बारिश

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 125 वर्षों में पहली बार राज्य में मई महीने में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है और 28 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है. सिद्धरमैया ने सभी जिलों के उपायुक्तों और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि वे बारिश से जिन क्षेत्रों में क्षति पहुंची है, उनका तुरंत दौरा करें और प्रभावितों को आवश्यक मुआवजा प्रदान करें.

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में तीन लोगों की मौत

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि यहां मोंटेपदावु कोडी में हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक घर के 5 लोग मलबे में दब गए थे. केरल के भी भारी बारिश से व्यापक क्षति की जानकारी सामने आई है.

केरल के इन 8 जिलों के लिए IMD का रेड अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल के 8 जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट' जारी किया है. जिसमें पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टयम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, कन्नूर और कासरगोड शामिल है. इसके अलावा राज्य के शेष छह जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है.

मौसम विभाग ने इसके अलावा तिरुवनंतपुरम और कोल्लम जिलों में अपराह्न एक बजे से तीन घंटे के लिए अलर्ट की स्थिति को ‘ऑरेंज' से ‘रेड' कर दिया. राज्य के राजस्व मंत्री के. राजन ने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश में व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

31 मई तक पूर्वोत्तर में भारी बारिश की आशंका

इधर मौसम विभाग ने कहा कि बांग्लादेश के ऊपर बने अवदाब अगले 12 घंटों में उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की ओर बढ़ते हुए एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में कमजोर पड़ सकता है. इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 31 मई तक बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना है. मेघालय में 30 मई को कुछ स्थानों  पर अपवादस्वरूप अत्यधिक भारी वर्षा (30 सेंटीमीटर से अधिक) हो सकती है.

IMD की बारिश को लेकर जारी चेतावनी की बड़ी बातें

  • अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, केरल और माहे तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ-साथ अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है.
  • तटीय कर्नाटक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है.
  • तटीय आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान मुजफ्फराबाद, कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है.
  • छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है.
  • आंध्र प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, राजस्थान, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर बिजली और तेज़ हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटे) के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
  • तटीय कर्नाटक, गुजरात राज्य, आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर बिजली और तेज़ हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Weather Update Hindi, IMD Weather, IMD Weather Update, Rain Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com