- राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बारिश बंद हो गई है और ठंड का असर बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण गंभीर होता जा रहा है
- मौसम विभाग ने 3 नवंबर 2026 को देश के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है
- उत्तर प्रदेश में दिन के तापमान में वृद्धि और रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का एहसास बढ़ेगा
Kal Ka Mausam 3 November 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. अर्नब साइक्लोन की वजह से जो बारिश हो रही थी वो अब रुक गई है. लेकिन आंध्र प्रदेश से एक नया चक्रवात 'मुरासु' टकराने जा रहा है. इस साइक्लोन की वजह से आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली और यूपी जैसे राज्यों में बारिश की गतिविधियां खत्म हो गई हैं. इसी के साथ ही ठंड का अहसास बढ़ गया है. इसके अलावा प्रदूषण भी लगातार गंभीर होता जा रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 3 नवंबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-एनसीआर में बारिश थमी, ठंड बढ़ी, हवा भी खराब
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है. बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु प्रदूषण से मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है. इसी के साथ राजधानी की हवा लगातार खराब होती जा रही है. दिल्ली में ग्रैप-1 की पाबंदियां पहले ही लागू की जा चुकी हैं. अब ग्रैप-2 भी लगाया गया है. आशंका है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर की हवा फिर से खराब श्रेणी में पहुंच सकती है और एक्यूआई लाल निशान के पार जा सकता है. मौसम विभाग की ओर से जारी 2 नवंबर से 7 नवंबर तक के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. आसमान में आंशिक रूप से बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है.
कल अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंच सकता है. 4 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. खासतौर पर सुबह और देर शाम के समय लोगों को प्रदूषण के साथ हल्की ठंड का भी एहसास होगा. नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और गुरुग्राम में रहने वाले लोगों को आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता पर नजर रखने की जरूरत होगी. प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी.

यूपी में अब दिन में चढ़ेगा पारा और रात में बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में चक्रवात अर्नब का असर अब लगभग खत्म हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से सोनभद्र और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा. अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है. वहीं रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे पहले रविवार को विंध्य क्षेत्र को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से मौसम साफ हो गया. इसके साथ ही अब दिन में धूप तेज होने और तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू होगा. हालांकि रातें पहले के मुकाबले ठंडी होंगी. सुबह के समय कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा भी छा सकता है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में भी मौसम बदल गया है. अर्नब चक्रवात की वजह से राज्य के कई जिलों में बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम फिर से साफ हो गया है. मौसम विभाग ने कल बिहार में कहीं भी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. कुछ जगहों पर आसमान में बादल छाये रह सकते हैं. इसके साथ ही अब राज्य में तापमान में गिरावट भी देखने को मिलेगी.

ओडिशा में 'अर्नब' के बाद 'मुरासु' चक्रवात का अलर्ट
ओडिशा में पिछले सप्ताह अर्नब चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के बाद अब नए चक्रवात 'मुरासु' का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों ने मुरासु चक्रवात के प्रभाव से सोमवार से बुधवार के बीच दक्षिणी ओडिशा के गंजाम और गजपति सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. चक्रवात के मंगलवार रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है. ओडिशा में 4 नवंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
आंध्र प्रदेश में साइक्लोन 'मुरासु'टकराएगा, भारी बारिश का अलर्ट
भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु' के दो और तीन नवंबर की दरमियानी रात नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है. मौसम विभाग ने ‘मुरासु' के प्रभाव को देखते हुए राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विभाग ने आधिकारिक बयान के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु' के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और तीन नवंबर की रात 11:30 बजे से अगले दिन तड़के चार बजे के बीच ओंगोल के दक्षिण में नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की प्रबल संभावना है. विभाग के अनुसार, तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है जबकि हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
तूफान के प्रभाव से सोमवार को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के अधिकांश स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर और तिरुपति जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का भी अनुमान जताया है. विभाग के अनुसार, तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती हैं. वहीं, रायलसीमा के कई इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने पलनाडु, तिरुपति और नंद्याल जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. वहीं, एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर, बापटला, प्रकाशम, नेल्लोर, चित्तूर, अन्नमय्या, कडप्पा और कुरनूल जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
कल इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल.
- मध्यम बारिश: ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक,लक्षद्वीप.
- हल्की बारिश: मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह.
यह भी पढ़ें | एक हफ्ते में दूसरा तूफान, चक्रवात मुरासु आंध्र-ओडिशा समेत 10 राज्यों में कराएगा बारिश, दिल्ली में हवा खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं