विज्ञापन

कृष्ण भक्तों को लेकर ट्रोलिंग पर बोले बाबा बागेश्वर, कहा- हम बिहारी जी के ही हैं, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे

बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने जाएंगे. उन्होंने कहा, "हम श्रीजी के दर्शन करते रहते हैं. हम बिहारी जी के ही हैं.

बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने जाएंगे.
  • उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बावजूद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और कथा कहने का संकल्प जताया है
  • धीरेंद्र शास्त्री ने विवादित बयान पर माफी मांगी और कहा कि उनका उद्देश्य भगवान कृष्ण का अपमान करना नहीं था
  • विवाद के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके कार्यक्रम रद्द करने की मांग की और विरोध जताया

बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर हुई ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी के भक्त हैं और सनातन धर्म के लिए काम करते रहेंगे. उन्होंने जल्द मंदिर जाकर दर्शन करने की बात भी कही. बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने जाएंगे. 

'हम बिहारी जी के ही हैं, उनकी कथा कहते हैं'

उन्होंने कहा, "हम श्रीजी के दर्शन करते रहते हैं. हम बिहारी जी के ही हैं. हम उनकी कथा कहते हैं और उनकी पूजा करते हैं. हम उन्हीं के हैं." उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करते हैं. लेकिन जो लोग कुछ दिनों के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे, वे अब दिखाई नहीं दे रहे हैं.

'हम हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे'

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह सनातन धर्म के लिए लगातार काम करते रहेंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे. उन्होंने बताया कि कुछ देर में वह ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन करेंगे.

क्या था भगवान कृष्ण को लेकर विवाद?

दरअसल, हाल ही में धीरेंद्र शास्त्री ने एक कथा के दौरान भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण के तीन जगह से टेढ़े होने और बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी की थी. इस बयान पर संतों और कृष्ण भक्तों ने नाराजगी जताई थी. विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने सफाई देते हुए माफी भी मांगी थी और कहा था कि उनका उद्देश्य भगवान कृष्ण का अपमान करना नहीं था. 

उन्होंने आगे कहा, "लेकिन जो-जो सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स हैं, जो-जो ट्रोलिंग करते हैं, उनसे कहेंगे कि बाबा बागेश्वर का विरोध तो बहुत कर लिया, बाबा बागेश्वर के खिलाफ आप लोगों ने पोस्ट बहुत डाल दी. मैदान में, जमीन पर कब उतरोगे? बांके बिहारी के लिए कब आओगे? वृंदावन कब आओगे? और जो मथुरा में कलंक था उस कलंक को मिटाने के लिए कब आप आओगे?"

'कुछ दिनों के लिए कृष्ण भक्त बने लोग यहां दिखाई नहीं दे रहे'

बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह बांके बिहारी के दर्शन के लिए आते रहते हैं और जीवनभर आते रहेंगे. उन्होंने कहा, "आने वाले दिनों में हम ब्रजवास भी लेंगे. लेकिन जो-जो कुछ दिनों के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे, वह हमें यहां दिखाई नहीं पड़ रहे हैं."

उन्होंने आगे कहा, "हम हिंदुओं के लिए जीते थे, हिंदुओं के लिए जिएंगे, हिंदुत्व के लिए जिएंगे, हिंदुस्तान के लिए जिएंगे. उसका परिणाम चाहे जो हो, हम हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे, हिंदुओं को मिटने नहीं देंगे, हिंदू एकता करके ही रहेंगे."

संतों की बैठक और कन्या विवाह उत्सव में पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री

वृंदावन पहुंचने पर धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि श्रीधाम वृंदावन और ब्रज में उनका आना-जाना लगा रहता है. उन्होंने कहा कि आज यहां दो जगह उत्सव हैं. एक तरफ संतों और ब्रजवासियों की बैठक है तो दूसरी तरफ गौरी गोपाल में बेटियों का कन्या विवाह उत्सव आयोजित किया जा रहा है. इसी दौरान उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन करने और ट्रोल करने वालों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करने की बात कही.

2027 में बीजेपी के प्रचार के सवाल पर क्या बोले?

मीडिया ने जब धीरेंद्र शास्त्री से पूछा कि क्या वह 2027 में भारतीय जनता पार्टी का प्रचार कर रहे हैं तो उन्होंने कहा, "देखिए हम साधु हैं, राजनीति से सरोकार नहीं है हमारा. और हम किसी का प्रचार नहीं, हनुमान जी का प्रचार कर रहे हैं, सनातन का प्रचार कर रहे हैं, हिंदुत्व के विचार को फैला रहे हैं. और इस देश में सभी पार्टियों में हिंदू हैं, मतलब हम सभी पार्टियों का प्रचार कर रहे हैं."
 

इस विवाद ने जल्द ही धार्मिक के साथ राजनीतिक रंग भी ले लिया. समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर नाराजगी जताई और उनके कार्यक्रम रद्द करने की मांग की. वहीं रामभक्तों और कृष्णभक्तों के बीच भी सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. यादव समाज और ब्रज के संतों ने भी इस टिप्पणी पर विरोध जताया. इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के बेंती राजभवन में रामकथा करने पहुंचे. यहां भी उनकी कथा को लेकर सियासी बयानबाजी हुई. अखिलेश यादव ने आयोजन पर सवाल उठाए तो धीरेंद्र शास्त्री ने पलटवार करते हुए कहा कि राम और श्याम एक हैं.

यह भी पढ़ें | 'प्रयागराज का महाकुंभ तो यहीं है...', जब कुंडा पहुंच धीरेंद्र शास्त्री की श्रीराम कथा में बोले धनंजय सिंह

यह भी पढ़ें | बृजभूषण शरण सिंह बोले- राजा भैया का दबदबा बनेगा रहेगा, धीरेंद्र कृष्ण की कथा में पहुंचे कई दिग्गज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baba Bageshwar, Banke Bihari Temple, Lord Shri Krishna
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com