- दिल्ली-एनसीआर में तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण ठंड बढ़ेगी और कोहरे का अलर्ट रहेगा
- जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है और नवंबर के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा
- UP और बिहार में कल बारिश की संभावना नहीं है लेकिन पूर्वी यूपी में सुबह और रात के समय कोहरे का प्रभाव रहेगा
Kal Ka Mausam 24 November 2026: पहाड़ों पर बदलते मौसम का असर अब मैदानी इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है. राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. उत्तर भारत में जहां ठंड बढ़ रही है वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 24 नंवबर 2026 के लिए वेदर फॉरकास्ट जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. इसमें केरल, कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के राज्य शामिल हैं. वहीं दिल्ली, यूपी जैसे राज्यों में तापमान और गिरेगा. कुछ राज्यों में कोहरे का भी अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरे का भी अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. राजधानी में लगातार तापमान गिर रहा है और ठिठुरन बढ़ रही है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और भी जोर पकड़ेगी. इस हफ्ते न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की प्रबल संभावना है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगेगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के आसमान में कोहरे का डेरा रहने वाला है. कल तापमान में मामूली गिरावट दर्ज होगी. न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर आ जाएगा, जबकि अधिकतम 25 डिग्री रहेगा. मौसम हल्का कोहरा बना रहेगा. 25 नवंबर को ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगी. न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रहेगा.
मौसम में आ रहे इस बदलाव का सीधा असर एनसीआर की हवा पर पड़ेगा. ठंड के जोर पकड़ते ही और हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में जमा होने लगेंगे. मौसम एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, एनसीआर का एक्यूआई फिर से 'रेड जोन' यानी 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच जाएगा. फिलहाल, मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिल रहा है और हवा कुछ हद तक साफ है, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति बिगड़ने की पूरी आशंका है.
कश्मीर के कई इलाकों में पारा माइनस में पहुंचा
कश्मीर के कई इलाकों में रविवार रात सर्दी के इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात रही और इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से नीचे पहुंच गया. मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार रात को न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया. शोपियां जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से आधा डिग्री सेल्सियस कम रहा. मौसम विभाग ने घाटी में नवंबर के अंत तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया. विभाग के अनुसार, रात के तापमान में और गिरावट आने की आशंका है.

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में कल बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. वहीं बिहार में भी कल बारिश का कोई अनुमान नहीं है. मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा सकती है.
हिमाचल में अगले 7 दिन मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा. 27 नवंबर के बाद दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, वहीं बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने कि अगर आगामी पूर्वानुमान की बात करें, तो 28 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा. अगले तीन दिन बिलासपुर में भाखड़ा बांध के आसपास के क्षेत्रों, मंडी जिले की बल्ह घाटी और सुजानपुर (हमीरपुर) क्षेत्र में कहीं-कहीं घने से मध्यम कोहरे की संभावना बनी हुई है. बाकी प्रदेश में किसी बड़े मौसम संबंधी अलर्ट की संभावना नहीं है.
पश्चिम बंगाल में फिर लौटेगी ठंड
कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि चक्रवात 'अकवान' का असर कम होने और मौसम में सुधार के साथ, मंगलवार से पश्चिम बंगाल में फिर से ठंड लौटने वाली है. यहां न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार से शुक्रवार के बीच तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे हवा में फिर से ठंडक महसूस होने लगेगी. ऐसा खासकर राज्य के पश्चिमी जिलों में देखने को मिलेगा. कल से मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी, जबकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है. इससे दिन और रात के मौसम में काफी अंतर देखने को मिलेगा. शुक्रवार तक उत्तर बंगाल के जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. पहाड़ी इलाकों में तापमान और भी नीचे जा सकता है.
तमिलनाडु, कर्नाटक से केरल तक बारिश
तमिलनाडु में कल बारिश की संभावना है. 24-26 नवंबर के दौरान अधिकांश हिस्सों में व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है. साथ ही कल कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है. वहीं केरल में भी कल भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. कल से 27 नवंबर के दौरान यहां कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है. कर्नाटक में भी कल कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में भी कल अलर्ट
- भारी बारिश: तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल.
- हल्की से मध्यम बारिश: लक्षद्वीप, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना.
- कोहरे का अलर्ट: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर.
यह भी पढ़ें | कल का मौसम: दिल्ली में 11 डिग्री तक गिरेगा पारा, UP-बिहार में भी बढ़ेगी ठंड; कई राज्यों में बारिश का भी अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं