मौसम में अब ठंडक बढ़ने लगी है. पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है और मैदानी इलाकों में तापमान गिर रहा है. राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारतीय राज्यों में भी सर्दी बढ़ने लगी है. इसी बीच चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर भी दिख रहा है, जिस कारण कई हिस्सों में बारिश भी देखने को मिल रही है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, कई राज्यों में सोमवार को बारिश होने के आसार हैं. सोमवार को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली में 11 डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है.
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दिल्ली में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है.
23 नवंबर को बिहार, पूर्वी यूपी, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में घना कोहरा पड़ सकता है.
हालांकि, प्रदूषण से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. कोहरे और धुंध के कारण प्रदूषण जमा हो रहा है. जानकारों का मानना है कि जब तक तेज हवाएं नहीं चलेंगी, तब तक प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है.

Photo Credit: IANS
कहां-कहां बारिश का अनुमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, केरल, यनम, माहे, रायलसीमा, कर्नाटक और तेलंगाना में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है.
सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते पश्चिम और मध्य भारत के मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

Photo Credit: IANS
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी और बिहार में भी मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. वहीं, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.
वहीं, बिहार में कई हिस्सों में रविवार सुबह से ही बारिश हो रही है. इस कारण ठंड बढ़ सकती है. हालांकि, तूफान 'अकवान' का असर अब कम पड़ रहा है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार के बाद बिहार में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि, न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं