विज्ञापन

आसमान से बरसते अंगारों के बीच आ रही है गुड न्यूज, दिल्ली से लेकर बिहार-झारखंड तक होगी बारिश, पढ़िए IMD का अपडेट

IMD Rain Alert: भीषण गर्मी के बीच राहत वाली खबर है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं. पढ़िए मौसम विभाग का अनुमान.

आसमान से बरसते अंगारों के बीच आ रही है गुड न्यूज, दिल्ली से लेकर बिहार-झारखंड तक होगी बारिश, पढ़िए IMD का अपडेट
दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बारिश के आसार, बदलेगा मौसम का मिजाज
  • दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, पारा कई जगह 45 डिग्री के पार
  • IMD ने 26 अप्रैल से पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली में आंधी-बारिश के साथ तापमान में गिरावट की संभावना जताई
  • झारखंड में 24 से 26 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना है

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में आसमान से आग बरस रही है. भीषण गर्मी से बुरा हाल है. कई जगहों पर पारा 45 डिग्री को पार कर चुका है. मौसम विभाग लू का अलर्ट जारी कर रहा है. भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को मौसम विभाग ने गुड न्यूज दी है. मौसम विभाग ने दो दिन बाद कुछ राज्यों में आंधी-बारिश के आसार जताए हैं. आईएमडी का कहना है कि 26 अप्रैल से यूपी, पंजाब, हरियाणा में गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है. ऐसा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से होगा.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार कल भी तापमान अपने चरम पर बना रहेगा और लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा. 25 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. इस दिन अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के साथ 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है. आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है. इसके बाद 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहेगा. इन दिनों तापमान 41-42 डिग्री के बीच रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे.

झारखंड में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने झारखंड के चार जिलों में तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. राज्य में वर्तमान में तापमान 34.6 से 43.4 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है.  मौसम विभाग ने कहा कि 24, 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश, 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी-तूफान की संभावना है. शुक्रवार को राज्य के 14 उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना है और 25 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी तथा मध्य क्षेत्र के कुछ जिलों में बारिश का अनुमान है.

Latest and Breaking News on NDTV

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी का कहना है कि 26 से 28 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसके अलावा यूपी में 28 और 29 अप्रैल को बारिश और आंधी का असर दिखने की संभावना है. बिहार और झारखंड में भी धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की उम्मीद है, जिससे भीषण लू से कुछ समय के लिए निजात मिल सकती है. 

क्यों बदलेगा मौसम का मिजाज?

पिछले कुछ दिनों से जहां भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में अचानक मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. इसकी वजह एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है. इसकी वजह से 27 और 28 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 

क्या कह रहे मौसम एक्सपर्ट्स?

IMD के वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि अगर हम अधिकतम तापमान की बात करें, तो देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में अगले 3-4 दिनों तक हमें कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. इसके बाद, हमें अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने की उम्मीद है. लू की स्थिति से कुछ राहत मिलेगी. पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करने वाला है और हमें आज हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति रहने की उम्मीद है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में जिस बारिश की हमें उम्मीद है, उसके मैदानी इलाकों में भी फैलने की संभावना है. हमें मैदानी इलाकों में भी तीसरे दिन के बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है.'

दिल्ली के स्कूलों को CM ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश

बढ़ती गर्मी के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी स्कूलों के लिए गाइलाइंस जारी की हैं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि  दिल्ली के सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे IMD की 'हीट वेव एक्शन' गाइडलाइंस के अनुसार, 2 मई तक शिक्षा निदेशालय को एक कम्प्लायंस रिपोर्ट जमा करें. हर स्कूल से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे छात्रों के लिए सुरक्षित पीने का पानी, नामित नोडल अधिकारी और सभी जरूरी बचाव के उपाय उपलब्ध कराएं. अभिभावकों से अनुरोध है कि वे बच्चों को हल्के सूती कपड़े पहनाकर भेजें, अपनी क्लास के WhatsApp ग्रुप से जुड़े रहें और किसी भी तरह की चिंता होने पर तुरंत स्कूल प्रशासन को सूचित करें.

Latest and Breaking News on NDTV

भीषण गर्मी के बीच अप्रैल में बिजली की अधिकतम मांग 240 गीगावाट के पार

देश में बिजली की अधिकतम मांग बढ़ते तापमान के कारण कूलर और एयर कंडीशनर जैसे शीतलन उपकरणों के अधिक इस्तेमाल के मद्देनजर गुरुवार को इस मौसम में सर्वाधिक स्तर 240 गीगावाट के पार पहुंच गई. देश में पूरी की गई अधिकतम बिजली मांग (एक दिन में सबसे अधिक आपूर्ति) 23 अप्रैल को 240.12 गीगावाट दर्ज की गई, जो 22 अप्रैल के 239.70 गीगावाट से थोड़ी अधिक है और इस मौसम की सर्वाधिक है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि देश में तापमान बढ़ने और लू के कारण अधिकतम बिजली मांग जल्द ही सितंबर 2023 में दर्ज 243.27 गीगावाट के दूसरे सबसे ऊंचे स्तर को पार कर सकती है.

यह भी पढ़ें: सूरज की ऐसी तपिश कि 18 शहरों में पारा 43°C पार, 8 राज्यों में लू का अलर्ट, जानें अभी कितना कहर ढहाएगी गर्मी

राजस्थान में स्कूलों का समय और हीटवेव का हाल 

राजस्थान में पारा 43-44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है, जिसके चलते प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया है. जयपुर जिला कलेक्टर के आदेशानुसार, 27 अप्रैल से सभी सरकारी और निजी स्कूलों (प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक) का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कर दिया गया है. दौसा और चित्तौड़गढ़ में भी 24 अप्रैल से स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक कर दिया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कुछ भागों में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में और 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने और आगामी 2-3 दिन पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है. इस दौरान राज्य के उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

इसी तरह आगामी दिनों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों और 26 से 28 अप्रैल को पश्चिमी व उत्तरी भागों में दोपहर बाद बादलों की गरज के साथ धूलभरी आंधी चल सकती है. साथ ही हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना भी है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन, आज से असल 'अग्निपरीक्षा'; क्या है हीट डोम जिससे धधक रहा भारत

लेखक के बारे में
img
अनुभव शाक्य
chief sub editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update, Heat Wave Alert, Delhi Weather News, Rain Alert Delhi, Weather Rain Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com