- पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहज़ाद भट्टी से जुड़े 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
- गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने और ISI समर्थित पोस्टर लगाने का काम किया था.
- पुलिस ने पांच अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 41 कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक एसयूवी कार बरामद की है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहज़ाद भट्टी से जुड़े एक मल्टी-स्टेट टेरर मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मॉड्यूल में कुल 8 सदस्य बताए जा रहे हैं, जिन्हें दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने, पाकिस्तान समर्थित पोस्टर लगाने और ISI-समर्थित आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान' (TTH) के प्रचार के लिए ग्राफ़िटी बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी. हाल ही में अमृतसर के मजीठा में एक ASI की हत्या की जिम्मेदारी भी इसी संगठन ने ली थी.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस को क्या-क्या मिला
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 5 अत्याधुनिक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 41 कारतूस, 7 मोबाइल फोन और एक एसयूवी कार बरामद की गई है. जब्त किए गए मोबाइल फोन से शहज़ाद भट्टी और अन्य आरोपियों के बीच कथित आपत्तिजनक बातचीत और वॉयस नोट्स भी मिले हैं. जांच में यह भी सामने आया कि नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की बिक्री से हासिल रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर किया जा रहा था.

गिरफ्तार आरोपियों में फरीदाबाद निवासी सोहेल (26), दिल्ली के घिटोरनी निवासी सोनू मीना (30), राजस्थान के दौसा निवासी सचिन कुमार मीना (20), हरियाणा के नूंह निवासी मोहम्मद कैफ (21) और उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी मोहम्मद रिहान (20) शामिल हैं. पुलिस अब इस मॉड्यूल के बाकी नेटवर्क और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच में जुटी है.
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने एनसीआर में सक्रिय पाकिस्तान-समर्थित कथित आतंकी-अपराधी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर सात लोगों को गिरफ़्तार किया था, जिन पर पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थ तस्करी करने और संभावित ठिकानों की टोह लेने का आरोप है. इन ठिकानों की तस्वीरें कथित तौर पर सीमा पार बैठे आकाओं के साथ साझा की गई थीं.
ये भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े 5 और संदिग्ध को किया गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं