Revanth Reddy Cooking Puri: हैदराबाद का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. वीडियो में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी किसी राजनीतिक कार्यक्रम या सरकारी बैठक में नहीं, बल्कि अपने घर की रसोई में नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि उनके साथ उनका तीन साल का पोता रेयांश रेड्डी भी मौजूद है, जिसे परिवार में प्यार से “रुद्रदेव” कहा जाता है.
दादा-पोते में हुई प्यारी बाते
करीब एक मिनट से अधिक के इस वीडियो में मुख्यमंत्री पूरी बनाते दिखाई देते हैं. कभी वह आटा बेलते हैं, कभी कढ़ाई में फूलती हुई पूरी को ध्यान से पलटते हैं. वहीं किचन के स्लैब पर बैठा उनका नन्हा पोता बड़ी उत्सुकता से पूरी बनने की पूरी प्रक्रिया देखता रहता है. दोनों के बीच लगातार बातचीत भी चलती है. पोता कभी पूरी के आकार पर अपनी राय देता है तो कभी दादा से सवाल पूछता है. रेवंत रेड्डी भी मुस्कुराते हुए उसके हर सवाल का जवाब देते हैं और उसे पूरी बनाने की छोटी-छोटी बातें समझाते हैं.
वीडियो में सबसे खूबसूरत बात दोनों के बीच की सहजता और अपनापन है. एक तरफ राज्य की जिम्मेदारियां संभालने वाला मुख्यमंत्री है, तो दूसरी तरफ अपने पोते के साथ समय बिताने वाला एक दादा. जैसे ही कढ़ाई में पूरी फूलती है, दोनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई देती है.
दादा ने दिखाया पोते को प्यार
बंजारा हिल्स स्थित निजी आवास में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो ने लोगों को राजनीति से अलग रेवंत रेड्डी का पारिवारिक और भावनात्मक पहलु भी दिखाया है. व्यस्त राजनीतिक जीवन के बीच परिवार के साथ बिताए गए ये छोटे-छोटे पल ही इस वीडियो को खास बनाते हैं और यही वजह है कि दादा-पोते की यह जोड़ी सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं