विज्ञापन

तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ! VCK ने बगैर किसी शर्त के TVK को समर्थन देने की कही बात

राजनीतिक गलियारों में सबकी नजर वीसीके के फैसले पर टिकी हुई थी, क्योंकि उसका समर्थन यह तय कर सकता है कि क्या विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा.

तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ! VCK ने बगैर किसी शर्त के TVK को समर्थन देने की कही बात
  • तमिलनाडु चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है
  • थोल. थिरुमावलवन की वीसीके पार्टी ने विजय की टीवीके को बिना शर्त समर्थन देने का फैसला किया है
  • वीसीके ने समर्थन के बदले उपमुख्यमंत्री पद और अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालयों की मांग की है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्‍नई:

तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर जारी सस्पेंस अब खत्म होता हुआ दिख रहा है. सूत्रों के मुताबिक थोल. थिरुमावलवन की पार्टी विदुथलाई चिरुथइगल काची (वीसीके) ने विजय की पार्टी टीवीके को बिना शर्त समर्थन दे दिया है. टीवीके नेताओं ने सरकार गठन के लिए वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन से औपचारिक रूप से समर्थन मांगा था. पार्टी की ओर से वीसीके नेतृत्व को समर्थन का अनुरोध करते हुए एक पत्र भी भेजा गया था.

वीसीके का यह फैसला इसलिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके बहुमत के आंकड़े के बेहद करीब है. 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है. टीवीके को सरकार बनाने के लिए दो और विधायकों के समर्थन की जरूरत थी.

राजनीतिक गलियारों में सबकी नजर वीसीके के फैसले पर टिकी हुई थी, क्योंकि उसका समर्थन यह तय कर सकता है कि क्या विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा. वीसीके के वरिष्ठ नेताओं ने घोषणा से पहले आंतरिक बैठकें और विचार-विमर्श भी किए. पार्टी कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच भी इस फैसले को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी.
Latest and Breaking News on NDTV

23 अप्रैल को हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था. हालांकि, टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरते हुए राज्य की राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया. इसके बाद विजय सरकार गठन की चर्चाओं के केंद्र में आ गए.

कांग्रेस और वाम दल पहले ही टीवीके को बाहर से समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं, जिससे विजय की दावेदारी और मजबूत हुई है. हालांकि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा सरकार गठन का न्योता देने के लिए जरूरी संख्या को लेकर अब तक अनिश्चितता बनी हुई है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वीसीके के समर्थन के ऐलान के बाद विजय शनिवार शाम तक भी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल चेन्नई में सरकार गठन को लेकर तेज राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

समर्थन के बदले में नई सरकार में अहम पद चाहती है वीसीके: सूत्र

थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके, टीवीके के नेतृत्व वाली नई सरकार को समर्थन देने के बदले में उपमुख्यमंत्री पद समेत अहम मंत्रालय चाहती है. दलित समर्थक इस पार्टी से जुड़े एक सूत्र ने शनिवार को यह जानकारी दी. सूत्र के अनुसार, यदि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) संस्थापक विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट छोड़ते हैं, तो वीसीके चाहती है कि उस सीट से थोल थिरुमावलवन को चुनाव मैदान में उतारा जाए.

सूत्र ने यह भी बताया कि शुक्रवार शाम थिरुमावलवन की अध्यक्षता में डिजिटल माध्यम से हुई बैठक में सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर चर्चा हुई. इसमें वीसीके के लिए दो या तीन महत्वपूर्ण पदों की मांग पर विचार किया गया. इसमें थिरुमावलवन के लिए उपमुख्यमंत्री पद और पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए कैबिनेट मंत्री पद की मांग भी शामिल थी.

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में मौजूदा राजनीतिक हालात के बीच प्रमोद महाजन का ये पुराना भाषण क्यों हो रहा वायरल?

डिजिटल माध्यम से हुई इस बैठक में वीसीके ने पिछली सरकार द्वारा जातीय हत्याओं की जांच के लिए गठित आयोगों को जारी रखने और सरकारी नौकरियों में दलितों के लिए पदोन्नति में आरक्षण सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की.

वीसीके ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में दो सीट जीती हैं.

सूत्र ने संकेत दिया कि विदुथलाई चिरुथाइगल काची के नेता थिरुमावलवन तिरुचिरापल्ली पूर्वी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. विजय ने दो विधानसभा सीट से जीत हासिल की है और उन्हें एक सीट छोड़नी होगी. माना जा रहा है कि वह चेन्नई की पेरम्बूर सीट अपने पास रखेंगे.

इसे भी पढ़ें: सिनेमा में नायक तो राजनीति में 'जन नायक' बने विजय की पार्टी TVK का क्या है मतलब, क्या है इसकी आइडियोलॉजी?

इसे भी पढ़ें: दशकों में पहली बार... अभिनेता से नेता और अब CM तक का सफर, आंकड़ों में समझें कितनी बड़ी है विजय की विक्ट्री

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com