विज्ञापन
This Article is From Jun 17, 2023

"अखिलेश यादव जी की पार्टी 2024 में समाप्तवादी बनने वाली है" : केशव प्रसाद मौर्य

उत्‍तर प्रदेश में एनकाउंटर की संख्‍या पिछले कुछ समय में बढ़ी है. इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्‍य में कानून-व्‍यवस्‍था को बनाए रखने के लिए पुलिस उचित कदम उठा रही है.

नई दिल्‍ली:

उत्‍तर प्रदेश के उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने NDTV कॉन्‍क्‍लेव में कहा कि उत्‍तर प्रदेश भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार आगे बढ़ रहा है. गरीबों के बीच में आप जाएंगे, तो पाएंगे कि हम बेहतर काम कर रहे हैं. इसी तरह युवाओं, किसानों और महिलाओं को लेकर अच्‍छे काम कर रहे हैं. हमारी पार्टी चुनाव के बाद अपने सभी वादों को पूरा करती है और आगे भी ये जारी रहेगा. साथ ही यूपी की कानून-व्‍यवस्‍था पर उन्‍होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलेगी तो जवाब मिलेगा, अपराधियों में हिन्दू-मुस्लिम करना गलत है. 

सीएम योगी और ओम प्रकाश राजभर की मुलाकात के क्या हैं मायने? इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "देखिए, नेता एक-दूसरे से मिलते हैं, इसमें कोई बुराई नहीं है. मैं उस बैठक में नहीं था, इसलिए नहीं बता पाऊंगा कि आखिर उनके बीच बात क्‍या हुई. मुझे लगता है कि किसी एक नेता के दूसरे नेता से मिलने पर कोई पाबंदी नहीं है. 

यूपी में इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर क्‍या रणनीति बन रही है? इस सवाल के जवाब में यूपी के उपमुख्‍यमंत्री ने कहा कि हम कोशिश कर रहे हैं कि यूपी में इस बार लोकसभा चुनाव में हम और हमारे साथी दल मिलकर सभी 80 सीटें जीतें. इसके लिए जमीनी स्‍तर पर काम किया जा रहा है.  

उन्‍होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत हमारा लक्ष्य है. सपा-बसपा शासन में जो भ्रष्टाचार हुआ, वो किसी से छिपा नहीं है. सपा की सरकार में बिजली आती नहीं थी और भाजपा की सरकार में जाती नहीं है. हमारे शासनकाल में प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का जाल बिछा है. कई धार्मिक स्थलों को जीर्णोद्धार हुआ है. उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है. यूपी को डबल इंजन सरकार का फ़ायदा मिल रहा है.

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है. जांच के दौरान कुछ कहना उचित नहीं होता है. इस मामले में कानून का पालन किया जा रहा है.

उत्‍तर प्रदेश में एनकाउंटर की संख्‍या पिछले कुछ समय में बढ़ी है. इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्‍य में कानून-व्‍यवस्‍था को बनाए रखने के लिए पुलिस उचित कदम उठा रही है. लगातार बदमाशों पर लगाम कसी जा रही है. पुलिस जब कार्रवाई करती है, तो दोषी का धर्म नहीं देखती है. जहां तक एनकाउंटर का सवाल है, अगर पुलिस पर गोली चलेगी तो जवाब मिलेगा, अपराधियों में हिन्दू-मुस्लिम करना गलत है.  

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 में अखिलेश यादव की पार्टी समाप्‍तवादी पार्टी बनने जा रही है. आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का खाता नहीं खुलने जा रहा है. 2024 में एक बार फिर से देश में कमल खिलेगा और हमार गठबंधन 350 सीटों पर जीत करने जा रही है. विपक्ष नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभी तक कोई उम्‍मीदवार का चुनाव ही नहीं कर पाया है. उनके पास कोई उम्‍मीदवार है ही नहीं.   

ये भी पढ़ें :- 
उत्‍तर प्रदेश में NDA को इस बार PDA हराएगा : NDTV कॉनक्लेव में बोले अखिलेश यादव
2024 के चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा क्या? अखिलेश यादव ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP NDTV Conclave, Keshav Prasad Maurya, Lok Sabha Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com