उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से दिल को दहला देने वाली दो खबरें सामने आई हैं. उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक मां ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. वहीं मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक पिता और उसके दो बेटों के शव अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए. तीनों की चिताएं एक साथ जलीं. यह देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. पुलिस दोनों ही मामलों में घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
महिला ने बेटा-बेटी के साथ दी जान
उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से मिली खबर के मुताबिक घरेलू कलह से परेशान 30 साल की एक महिला ने अपने सात साल के बेटे और पांच साल की बेटी के साथ कूएं में कूदकर जान दे दी. इससे तीनों की मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से तीनों शवों को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. यह घटना जिले के बानपुर थानाक्षेत्र के टीकरा तिवारी गांव की है. मृतकों की पहचान 30 साल की पूजा, सात साल के बेटे लक्ष्य और पांच साल की बेटी पूर्वी के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक टीकरा तिवारी गांव में पूजा कुशवाहा अपने पति बालकिशन, दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती थी. पूजा का चचेरे देवर से प्रेम प्रसंग चल रहा था. आरोप है कि उसके प्रेमी ने ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. इसका पूजा ने विरोध किया. इसके बाद भी देवर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. इसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ. इससे क्षुब्ध होकर पूजा ने सात साल के बेटे लक्ष्य और पांच साल की बेटी उर्वी के साथ कुएं में छलांग लगा दी. इससे तीनों की मौत हो गई. पूजा के पति ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है.
पूजा के ससुर कमलेश के मुताबिक पूजा अपने पति और दो बच्चों के साथ शाम को नव दुर्गा की झाकियां देखने गई थी. वह और उनका बड़ा पोता घर पर ही सो गए थे. देर रात सभी घर लौटे और सो गए. लेकिन रात में बालकिशन ने बताया कि घर में पूजा और उसके दो बच्चे नहीं हैं. बाद में इसकी सूचना पुलिस को देकर खोजबीन शुरू की गई. देर रात पास के एक कुएं के बाहर मृतका की चप्पल मिली. कुएं की तलाशी में उनके शव मिल गए.
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि मृतका का अपने परिवार के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों में किसी बात को लेकर वाद-विवाद हुआ. इसके बाद पूजा ने अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बेटों का शव कार में और पिता का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
वहीं मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में दो चिताएं एक साथ जलाई गईं. एक चिता पर दो सगे भाइयों का अंतिम संस्कार किया गया तो दूसरी पर उनके पिता का. दरअसल नर्मदापुरम जिले के पिपरिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक कार से दो बच्चों के शव बरामद हुए थे. मृतकों की पहचान 13 साल के समर्थ और 11 साल के शिवाय के रूप में हुई थी. दोनों सगे भाई थे. वहीं इनके पिता अजय धाकड़ का छत-विक्षत शव
रेलवे ट्रैक पर पाया गया था.
मिली जानकारी के मुताबिक रायसेन जिले के बरेली निवासी अजय धाकड़ उदयपुरा तहसील में पटवारी के पद पर कार्यरत थे. बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब एक महीने से मेडिकल लीव पर चल रहे थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक वो पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे. पिपरिया पुलिस ने मौके से तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की. अजय धाकड़ की पहचान उनके पास से मिले दस्तावेजों और पहचान पत्र से हुई थी.पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. इसके बाद ही यह पता चल पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई साजिश है.
(ललितपुर से ब्रजेश कुमार पंत की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: लखनऊ शिवा शर्मा मौत मामला: आरोपी श्रद्धा दुबे अरेस्ट, बहन और ड्राइवर भी नागपुर से गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं