विज्ञापन

आखिर इतनी जल्दी में क्यों हैं अखिलेश यादव? पुराने चुनावी सबक और सहयोगियों पर दबाव दोनों हैं वजह

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव सबसे सक्रिय नेताओं में नजर आ रहे हैं. सीट शेयरिंग पर दबाव से लेकर PDA का प्राणपत्र जारी करने तक उनके हर कदम को बड़ी चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

आखिर इतनी जल्दी में क्यों हैं अखिलेश यादव? पुराने चुनावी सबक और सहयोगियों पर दबाव दोनों हैं वजह
UP चुनाव 2027 से पहले आखिर अखिलेश इतना क्यों दौड़ रहे हैं.

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 भले अभी दूर हो, लेकिन राज्य की राजनीति में चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है. एक तरफ एनडीए है, दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है, जबकि तीसरी ओर सामाजिक मोर्चा भी सक्रिय दिखाई दे रहा है. ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना जताई जा रही है. इस बदले हुए राजनीतिक माहौल में सबसे ज्यादा सक्रियता समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव दिखा रहे हैं. सीट शेयरिंग पर चर्चा अभी अंतिम दौर तक नहीं पहुंची है, लेकिन उससे पहले ही अखिलेश लगातार चुनावी संदेश देने, उम्मीदवारों को सक्रिय करने और मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

2024 के नतीजों ने बढ़ाया आत्मविश्वास

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने अखिलेश यादव का आत्मविश्वास बढ़ाया है. संविधान और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर सपा और कांग्रेस ने संयुक्त रूप से चुनाव लड़ा था और उसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले. इसी अनुभव के आधार पर अखिलेश इस बार चुनावी मैदान में पहले उतरते दिखाई दे रहे हैं. उनका मानना है कि जितनी जल्दी तैयारी शुरू होगी, उतना ही ज्यादा फायदा संगठन और उम्मीदवारों को मिलेगा.

2022 के चुनाव से भी लिया सबक

सूत्रों के मुताबिक 2022 विधानसभा चुनाव के अनुभव ने भी सपा नेतृत्व को नई सीख दी है. उस चुनाव में उम्मीदवारों की सूची अपेक्षाकृत देर से जारी हुई थी. हालांकि प्रचार अभियान पहले शुरू हो गया था, लेकिन इस बार पार्टी शुरुआत से ही चुनावी मोड में दिख रही है. माना जा रहा है कि सपा नेतृत्व उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को पहले से मैदान में उतारकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना चाहता है.

कांग्रेस पर दबाव बनाने की भी रणनीति

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि सपा की सक्रियता का एक बड़ा मकसद कांग्रेस पर दबाव बनाना भी है. समाजवादी पार्टी लगातार 26 सीटों का प्रस्ताव सामने रख रही है और सीट शेयरिंग को जल्द अंतिम रूप देने की पक्षधर नजर आ रही है.

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे और रणनीति तय करने में हुई देरी को भी सपा नेतृत्व एक सबक के रूप में देख रहा है. माना जा रहा है कि अखिलेश नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में भी ऐसी स्थिति बने. इसी रणनीति के तहत कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का संकेत देकर सपा ने दो संदेश दिए हैं. पहला संदेश अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का और दूसरा सहयोगी दल कांग्रेस को यह बताने का कि चुनावी तैयारियों में देरी की गुंजाइश नहीं है.

'PDA का प्राणपत्र' भी बड़ी रणनीति का हिस्सा

अखिलेश यादव ने हाल ही में सपा का घोषणापत्र पेश किया है, जिसे "PDA का प्राणपत्र" नाम दिया गया है. इसमें युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को केंद्र में रखकर कई वादे किए गए हैं. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके जरिए सपा ने चुनावी बहस की दिशा तय करने की कोशिश की है. भाजपा की ओर से अभी विस्तृत चुनावी घोषणाएं सामने नहीं आई हैं, ऐसे में सपा मतदाताओं तक अपना एजेंडा पहले पहुंचाना चाहती है.

सत्ता की लड़ाई में कोई जोखिम नहीं लेना चाहते अखिलेश

उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के संभावित मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर देखे जा रहे अखिलेश यादव इस चुनाव को बेहद अहम मान रहे हैं. यही वजह है कि सीट शेयरिंग, उम्मीदवार चयन, घोषणापत्र और जनसंपर्क अभियान जैसे हर मोर्चे पर वह पहले से तैयारी करते दिखाई दे रहे हैं.

साफ है कि 2024 के नतीजों से मिला आत्मविश्वास, 2022 से मिली सीख और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल की जरूरत, इन तीनों कारणों ने अखिलेश यादव को 2027 के चुनाव के लिए जल्दी और आक्रामक तैयारी करने के लिए प्रेरित किया है.

यह भी पढ़ें | महिला, युवाओं से लेकर अल्पसंख्यक तक... सपा के PDA घोषणा पत्र में किस वर्ग के लिए क्या?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Up Election 2027, Samajwadi Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com