विज्ञापन
This Article is From Mar 19, 2024

यूपी : बदायूं में दो मासूमों की हत्या, पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी, इलाके में तनाव

बदायूं में दो बच्‍चों की हत्‍या के बाद मौके पर तनाव व्‍याप्‍त हो गया और आक्रोशित लोगों ने जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की. वहीं पुलिस ने इस घटना के आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है.

यूपी : बदायूं में दो मासूमों की हत्या, पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी, इलाके में तनाव
घटना के बाद बदायूं में तनाव व्‍याप्‍त हो गया और आक्रोशित लोगों ने आगजनी की.
  • उत्तर प्रदेश के बदायूं में दो बच्‍चों की कुल्‍हाड़ी मारकर हत्‍या
  • हत्‍या के बाद पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ में किया ढेर
  • आक्रोशित लोगों का बदायूं में जमकर हंगामा और आगजनी
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बदायूं में मंगलवार शाम को दो मासूमों की हत्‍या कर दी गई. मंडी चौकी से चंद कदमों की दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया. इस मामले में एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया है. बच्‍चों की हत्‍या की घटना के बाद मौके पर तनाव व्‍याप्‍त हो गया और भीड़ ने बदायूं शहर में जमकर हंगामा और आगजनी की. घटना की सूचना मिलने के बाद बदायूं के डीएम मनोज कुमार और बरेली आईजी डॉ. राकेश सिंह सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. तनाव को देखते हुए मौके पर भारी संख्‍या में पुलिस बल को तैनात किया गया है. बदायूं डीएम के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है.  

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की बाबा कॉलोनी में आज देर शाम एक दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने घर में घुसकर तीन सगे भाइयों पर हमला कर दिया, जिसमें 12 वर्षीय और 8 वर्षीय 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.  बरेली आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि बच्‍चे अपनी छत पर खेल रहे थे. इसी दौरान अपराधी आया और उसने दोनों बच्‍चों की हत्‍या कर दी. 

पुलिस ने बचाव में की फायरिंग : आईजी 

पुलिस ने इस मामले में आरोपी साजिद को ढेर कर दिया है. बरेली आईजी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया गया और इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने अपने बचाव में फायरिंग की, जिसमें अपराधी की मौके पर मौत हो गई. 

उन्‍होंने कहा कि मुठभेड़ में ढेर आरोपी की उम्र 25 से 30 साल बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी के बारे में और जानकारी जुटा रही है. 

हत्‍या के बाद बदायूं में हंगामा और आगजनी 

दो बच्‍चों की हत्‍या के बाद बदायूं में तनाव व्‍याप्‍त हो गया और आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए. गुस्‍साए लोगों ने जमकर हंगामा और जगह-जगह आगजनी की. लोगों ने आक्रोशित भीड़ ने एक दुकान और बाइक में जमकर तोड़फोड़ की.

आक्रोशित भीड़ ने सड़क के किनारे मौजूद कुछ थड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए बदायूं में भारी संख्‍या में पुलिस बल को तैनात किया गया. 

बच्‍चों के शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा 

बदांयू के डीएम मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस ने दोनों बच्‍चों के शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है. अभी तक हत्‍या के कारण का पता नहीं चल सका है. यह जांच का विषय है. साथ ही उन्‍होंने कहा कि आक्रोशित भीड़ को मौके से हटा दिया गया है. 

ये भी पढ़ें :

* यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान को डूंगरपुर मामले में हुई 7 साल की कैद, भरना होगा 5 लाख का जुर्माना
* तंबाकू को लेकर बहस के बाद नशे में धुत यूपी पुलिस के जवान ने शिक्षक को मारी गोली, मौत
* BJP नेता की पत्‍नी की मौत पर आक्रोश, सिटी मजिस्‍ट्रेट को हटाने की मांग; धरने पर बैठे सांसद और पार्टी नेता

लेखक के बारे में
img
Ranveer
Reporter
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Budaun Murder, Children Murder In Budaun
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com