केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. धमकी भरे एक गुमनाम पत्र ने राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हलचल बढ़ा दी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों को इसकी जानकारी दी गई है.
गुमनाम पत्र में दी गई हत्या की चेतावनी
जानकारी के अनुसार चिराग पासवान के कार्यालय को एक बिना साइन का पत्र मिला है. इस पत्र में दो मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया गया है. पत्र में अंग्रेजी में लिखा गया कि you will be killed by hardcore terrorists. इस संदेश के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई है.

घटना की सूचना गृहमंत्रालय को दी गई है.
गृह सचिव को भेजा गया पत्र
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र भेजा है. पत्र में पूरे मामले की तत्काल और गहन जांच कराने का अनुरोध किया गया है ताकि धमकी की सच्चाई और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सके.
गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना
सूत्रों के अनुसार चिराग पासवान के स्टाफ ने इस धमकी की जानकारी गृह सचिव को दी है. इसके अलावा गृह मंत्री को भी मामले से अवगत कराया गया है. सीआरपीएफ और बिहार सरकार को भी सूचना भेजी गई है ताकि सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर नजर रखी जा सके. गौरतलब है कि चिराग पासवान को पहले से ही केंद्र सरकार की ओर से Z श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इसके बावजूद मिली इस धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें- UP के भाजपा विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भाई समेत 6 पर केस, नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं