विज्ञापन

JDU की बैठक में ललन सिंह के नहीं पहुंचने पर भड़के विधायक, पार्टी अध्यक्ष बोले- किसी सांसद को नहीं बुलाया

ललन सिंह की गैरमौजूदगी पर कई विधायकों ने उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाए. इसके बाद पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक है या नहीं, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं.

JDU की बैठक में ललन सिंह के नहीं पहुंचने पर भड़के विधायक, पार्टी अध्यक्ष बोले- किसी सांसद को नहीं बुलाया
ललन सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर JDU की बैठक में सवाल उठे हैं.

जनता दल यूनाइटेड ने शुक्रवार को अपने विधायकों और विधान पार्षदों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया. इसका उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को विधायी कार्यों और प्रक्रियाओं की जानकारी देना था. लेकिन कार्यक्रम में चर्चा प्रशिक्षण से ज्यादा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की गैरमौजूदगी पर केंद्रित रही. उनकी अनुपस्थिति के बाद पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य होने को लेकर सवाल उठने लगे.

विधायकों ने पूछा, क्या ललन सिंह को बुलाया गया था?

सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम शुरू होते ही कई विधायकों ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से सवाल किया कि क्या केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था. बरौली विधायक मंजीत सिंह, रुन्नी सैदपुर विधायक पंकज मिश्र, नचिकेता मंडल और मीणा कामत समेत कई सदस्यों ने इस मुद्दे पर अपनी जिज्ञासा जाहिर की.

कुछ विधायकों का कहना था कि ललन सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और उनकी मौजूदगी जरूरी थी. उनका मानना है कि उनके नहीं आने से अच्छा संदेश नहीं गया. विधायकों के मुताबिक पहले भी विधान मंडल दल की बैठकों में ललन सिंह शामिल होते रहे हैं. यही वजह है कि उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सवाल उठे.

संजय झा ने दिया जवाब

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा, "आज पार्टी के विधान मंडल दल के सदस्यों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम था. किसी भी सांसद को इस कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया था. ललन बाबू से हमारी बात होते रहती है, कल भी शाम में हमने बात की है."

उन्होंने यह भी कहा कि ललन सिंह की गैरमौजूदगी पर कोई सवाल नहीं उठा रहा है. उनके बयान से साफ हुआ कि पार्टी ने इस कार्यक्रम के लिए किसी सांसद को निमंत्रण नहीं भेजा था. जानकारी के अनुसार ललन सिंह गुजरात के आनंद में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. इसलिए भी वह पटना में आयोजित बैठक में नहीं पहुंच सके.

बढ़ीं सियासी अटकलें

हाल के दिनों में गंगा जल संधि और यूसीसी जैसे मुद्दों पर ललन सिंह की चुप्पी को लेकर भी चर्चाएं होती रही हैं. वहीं विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पहले ही जेडीयू के भविष्य पर सवाल उठा चुके हैं. हालांकि कई राजनीतिक विश्लेषक ललन सिंह और संजय झा के बीच मतभेद की अटकलों को सही नहीं मानते. इसके बावजूद उनकी गैरमौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है.

यह भी पढ़ें- नहीं माने अनंत सिंह, कहा- MLC चुनाव में जब्त करवाएंगे नीरज सिंह की जमानत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JDU News, Lalan Singh, Bihar Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com